सेक्सुअल असॉल्ट पीड़ित नाबालिग ने दिया बच्चे को जन्म

नवभारत टाइम्स

हापुड़ के बहादुरगढ़ क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी ने बच्चे को जन्म दिया है। किशोरी के साथ उसके जेठ के लड़के ने दुष्कर्म किया था। डर के कारण उसने यह बात किसी को नहीं बताई। पेट बढ़ने पर घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की है।

hapur sexual assault victim minor gives birth accused brother in laws son being searched
हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक 15 वर्षीय नाबालिग पीड़िता ने एक बेटे को जन्म दिया है, जिसके साथ उसके जेठ के लड़के ने कथित तौर पर यौन शोषण किया था। यह घटना तब सामने आई जब किशोरी के पेट में दर्द हुआ और परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। अब पीड़िता और उसके परिवार को पुलिस सुरक्षा में घर भेजा जाएगा।

जानकारी के अनुसार, यह 15 वर्षीय किशोरी बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। उसकी मां ने बताया कि उसके जेठ के लड़के ने ही उसकी बेटी का शोषण किया। डर के मारे किशोरी ने यह बात किसी को नहीं बताई। जब उसका पेट बढ़ने लगा, तब जाकर इस घटना का खुलासा हुआ। गुरुवार को पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उसे बक्सर सीएचसी लेकर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि पुलिस की कड़ी सुरक्षा में किशोरी और उसके परिवार को उनके गांव भेजा जाएगा। साथ ही, परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।