Llb Student And Ward Boy Arrested Murdered Air Force Jawan Looted Lakhs In Jewelry And Cash
LLB छात्र निकला एयरफोर्स जवान का हत्यारा, अरेस्ट
नवभारत टाइम्स•
सीआईए रेवाड़ी ने पूर्व एयरफोर्स जवान महाराम की हत्या का खुलासा किया है। एलएलबी छात्र विशाल और अस्पताल के वॉर्ड बॉय साहिल को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने मिलकर महाराम को शराब पिलाई और फिर पेचकस से हत्या कर दी। हत्या के बाद घर से लाखों की जूलरी और नकदी चुराकर फरार हो गए।
रेवाड़ी सीआईए पुलिस ने एक पूर्व एयरफोर्स जवान की ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में एक एलएलबी छात्र और एक अस्पताल का वॉर्ड बॉय शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों, विशाल और साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने पूछताछ में बताया कि उन्होंने पहले जवान को शराब पिलाई, फिर पेचकस से उसकी हत्या कर दी और घर से लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए।
सीआईए रेवाड़ी इंचार्ज सुमेर सिंह ने गुरुवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घर से गहने और नकदी चुराने के इरादे से ही दोनों ने 28 जनवरी को गांव बास-बटौड़ी के रहने वाले 60 वर्षीय पूर्व एयरफोर्स जवान महाराम की हत्या की थी। महाराम का शव 3 फरवरी तक घर में ही पड़ा रहा। जब घर से बदबू आने लगी, तब इस मौत का खुलासा हुआ। हत्या इस तरह से की गई थी कि किसी को शक न हो। शुरुआत में पुलिस ने इसे सामान्य मौत मानकर कार्रवाई की थी।मृतक महाराम की पत्नी मंगेशा और बेटे ने भी पुलिस को बताया था कि महाराम शराब पीने के आदी थे और उन्हें एलर्जी की बीमारी भी थी। इसलिए, यह माना जा रहा था कि अधिक शराब पीने की वजह से उनकी मौत हुई है। हालांकि, पुलिस ने जब शव का पोस्टमॉर्टम कराया, तो रिपोर्ट में उनकी मौत चोटों के कारण होना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
डीएसपी बावल सुरेंद्र श्यारोण ने बताया कि महाराम अकेले ही रहते थे। उनकी पत्नी और बेटा आपसी विवाद के चलते उनसे अलग रहते थे। आरोपी विशाल गांव सहारनवास के एक कॉलेज में एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। वह महाराम के घर दूध सप्लाई करने और घरेलू सामान लाने के लिए आता-जाता रहता था। इसी दौरान उसे पता चला कि महाराम के पास लाखों रुपये के गहने हैं। उसने घर पर महाराम के अकेले होने का फायदा उठाने की सोची। इसके लिए उसने एक अस्पताल में वॉर्ड बॉय का काम करने वाले साहिल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
आरोपी विशाल ने पूछताछ में बताया कि 28 जनवरी की रात को वह महाराम के लिए शराब लेकर गया था। शराब देने के बाद वह वहां से चला गया और फिर अपने घर से एक पेचकस लेकर आया। उसी पेचकस से उसने महाराम की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने अपने साथी साहिल को बुलाया। दोनों ने मिलकर घर से करीब 55 ग्राम सोने के गहने, एक किलो चांदी और 35 हजार रुपये नकद चुरा लिए और वहां से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे चोरी का सामान बरामद करने की कोशिश कर रही है। यह मामला रेवाड़ी में चर्चा का विषय बना हुआ है।