Garbage Collection Agency Strike Continues In Noida Garbage Piles Up In Sectors And Health Risks Increase
डोर-टु-डोर कूड़ा उठाने वाली एजेंसी के वेंडर्स की हड़ताल जारी, सेक्टरों में बढ़ी दिक्कत
नवभारत टाइम्स•
नोएडा में डोर-टु-डोर कूड़ा उठाने वाले वेंडर्स की हड़ताल से दूसरे दिन भी सफाई व्यवस्था ठप रही। शहर के विभिन्न इलाकों में कूड़े के अंबार लग गए हैं। इससे स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरा पैदा हो गया है। आरडब्ल्यूए ने नोएडा प्राधिकरण से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।
नोएडा में कूड़ा उठाने वाली एजेंसी के वेंडर्स की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही, जिससे शहर के कई सेक्टरों और सोसायटियों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। सड़कों पर कूड़े के अंबार लग गए हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। रेजिडेंट्स वेलफेयर असोसिएशन (RWA) ने नोएडा प्राधिकरण से तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। आए दिन होने वाली इस हड़ताल से लोग काफी नाराज हैं।
सेक्टर-117 की श्री कृष्णा अपार्टमेंट सोसायटी के आरडब्ल्यूए सचिव संजीव कुमार पाल ने बताया कि कई दिनों से कूड़ा उठाने वाले वाहन नहीं आ रहे हैं। इससे कूड़ा सड़कों पर फैल गया है और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने हेल्थ डिपार्टमेंट से तुरंत कार्रवाई की मांग की।प्लॉट ऑनर्स रेजिडेंट्स वेलफेयर असोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. तरसेम चन्द ने भी प्राधिकरण से इस समस्या का जल्द समाधान निकालने की अपील की है।
सेक्टर-51 के आरडब्ल्यूए महासचिव संजीव कुमार ने कहा कि पूरे सेक्टर में हर नुक्कड़-चौराहे पर कूड़े के ढेर लगे हैं। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और हेल्थ विभाग को सुदृढ़ करने की जरूरत है, न कि कूड़ाघरों को बंद करने की।
इस हड़ताल के कारण शहर में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरा पैदा हो गया है। RWA ने नोएडा प्राधिकरण को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने और समाधान निकालने की अपील की है। लोगों का कहना है कि इस समस्या का स्थायी हल निकाला जाना चाहिए ताकि बार-बार ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।