NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली: यूपी में रसड़ा विधानसभा सीट से BSP विधायक उमाशंकर सिंह के आवास और उनसे संबंधित सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के परिसरों पर बुधवार को मारे गए छापे में आयकर विभाग को 9 करोड़ रुपये से ज्यादा नकद मिले हैं, जिनका कथित रूप से कोई वैध हिसाब-किताब नहीं पाया गया है। आयकर विभाग के सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यूपी में इकलौते बीएसपी विधायक के परिसरों पर इस छापे के चलते सियासी पारा चढ़ा हुआ है। सिंह के रिश्तेदार दिनेश प्रताप सिंह यूपी सरकार में मंत्री हैं और इस छापे को लेकर उन्होंने ऐतराज जताते हुए बयान भी जारी किया था। उनका कहना था कि BSP विधायक कैंसर के चलते काफी बीमार हैं और इलाज के लिए उनके परिवार के लोग भाग-दौड़ कर रहे हैं, ऐसे में जांच एजेंसियों का छापे जैसा कदम उठाना ठीक नहीं कहा जा सकता। BSP चीफ मायावती ने भी आपत्ति जताते हुए बयान जारी किया था। उमाशंकर सिंह से संबंधित कंपनी मेसर्स छात्र शक्ति इंफ्राकंस्ट्रक्शन लिमिटेड सड़क निर्माण, माइनिंग और सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स से जुड़े काम करती रही है। कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर BSP विधायक की पत्नी पुष्पा सिंह हैं।


