NBT रिपोर्ट, मेरठ: रामपुर जिले में बुधवार की आधी रात को एक कार में डंपर की टक्कर लगने से आग लग गई। कार सवार यूपी पुलिस की एक महिला सिपाही और उसके दो साल के बेटे की कार के भीतर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। पति और देवर झुलस गए। हादसा नैनीताल से लौटते वक्त हुआ। महिला सिपाही परिवार के साथ कार से रामपुर से नैनीताल घूमने गई थी। डंपर ड्राइवर के खिलाफ दर्ज कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक रामपुर जिले के बेहटरा गांव के दान सिंह किराए पर गाड़ियां चलवाते हैं। दान सिंह की पत्नी लता यूपी पुलिस में सिपाही हैं। दान सिंह, सिपाही पत्नी लता, दो साल के बेटे लट्टू और ममेरे भाई रवि के साथ बुधवार सुबह नैनीताल घूमने गए थे। शाम को नैनीताल से रामपुर लौट रहे थे। कार दान सिंह चला रहे थे। भाई रवि आगे की सीट पर, पत्नी बेटे के साथ पीछे की सीट पर बैठे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे काशीपुर के आंगा गांव के पास डंपर ने कार को टक्कर मार दी। कार की पेट्रोल टंकी फटने से आग लग गई।


