Faridabad Rs 50 Lakh Cheated In The Name Of Selling Flat Case Registered Against Couple
फ्लैट बेचने के नाम पर हड़पे 50 लाख रुपये, केस दर्ज
नवभारत टाइम्स•
फरीदाबाद में फ्लैट बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 50 लाख रुपये की ठगी हुई है। एनआईटी पांच के एक दंपती पर यह आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच में पता चला कि उसी फ्लैट का सौदा किसी और से भी किया गया था।
फरीदाबाद में फ्लैट बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एनआईटी पांच के एक दंपती पर आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति को सेक्टर-48 की एक ग्रुप हाउसिंग कॉलोनी में 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट बेचने का झांसा देकर यह रकम हड़प ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एनआईटी 3 डी के रहने वाले हरजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी जान-पहचान विपिन सहगल और उनकी पत्नी डिंपल से हुई थी। उन्होंने हरजीत सिंह को सेक्टर-48 की एक ग्रुप हाउसिंग कॉलोनी में 12वीं मंजिल पर एक फ्लैट बेचने की पेशकश की। दोनों के बीच 75 लाख रुपये में सौदा तय हुआ और 12 जुलाई को एक रजिस्टर्ड एग्रीमेंट भी हो गया। हरजीत सिंह ने एग्रीमेंट के तहत 50 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। फ्लैट की रजिस्ट्री 11 जून 2026 को होनी तय हुई थी।जब निर्धारित तारीख आई तो आरोपी हरजीत सिंह को नहीं मिले। जब हरजीत सिंह ने फ्लैट के कागजात मांगे तो उन्होंने टालमटोल करना शुरू कर दिया। शक होने पर हरजीत सिंह ने खुद जांच की तो पता चला कि उसी फ्लैट का सौदा किसी और व्यक्ति से भी कर लिया गया है। जब हरजीत सिंह ने इस बारे में आरोपियों से बात की तो उन्होंने उसे झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है।