NBT रिपोर्ट, प्रयागराज: नाबालिग बटुकों से कथित यौन शोषण के आरोपों में घिरे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य मुकुंदानंद की अग्रिम जमानत अर्जी पर शुक्रवार को सुनवाई होगी। इस बीच पुलिस द्वारा कराई गई मेडिकल जांच रिपोर्ट में पीड़ित बच्चों के साथ कुकर्म की पुष्टि होने की बात सामने आई है। बुधवार को पुलिस ने दोनों बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराया था। जिसकी रिपोर्ट में कुकर्म की पुष्टि होने की बात कही जा रही है। शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी ने भी दावा किया है कि रिपोर्ट में यौन शोषण के संकेत स्पष्ट रूप से दर्ज हैं। इस बीच मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट को अहम साक्ष्य के तौर पर केस डायरी में शामिल किया जा रहा है। यदि जांच में आरोप पुष्ट होते हैं तो स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस बच्चों के बयान दर्ज करने और मेडिकल के बाद अब दूसरे सबूत इकट्ठा करने में जुटी है। हालांकि हाई प्रोफाइल मामला होने के कारण इसमें काफी गोपनीयता बरती जा रही है। पुलिस की सक्रियता को देखते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद व उनके शिष्य मुकुंदानंद ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। इस याचिका पर शुक्रवार को जस्टिस जितेंद्र कुमार सिन्हा की एकल पीठ में सुनवाई होनी है।


