Tavaru New Sectors Plan Haryana Government To Allocate Through E auction
सरकार ने बताया तावड़ू में तीन नए सेक्टरों का प्लान
नवभारत टाइम्स•
हरियाणा सरकार नूंह के तावड़ू में तीन नए सेक्टर बसाने की योजना पर काम कर रही है। इन सेक्टरों के लिए जमीन अधिग्रहण हो चुका है। सेक्टर 11 का एक हिस्सा विकसित किया गया है। ई-नीलामी में पर्याप्त प्रतिक्रिया न मिलने से प्लॉट आवंटित नहीं हो सके। शेष हिस्सों में काम जल्द शुरू होगा।
हरियाणा सरकार नूंह के तावड़ू में तीन नए सेक्टर बसाने की तैयारी में है। सरकार जल्द ही इन सेक्टरों के लिए ई-ऑक्शन (ऑनलाइन नीलामी) करेगी। यह जानकारी हरियाणा विधानसभा में सोहना विधायक तेजपाल तंवर द्वारा उठाए गए सवाल के जवाब में सामने आई। मुख्यमंत्री नायब सैनी के हवाले से कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि 2013 में 367.86 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया था।
दरअसल, विधायक तेजपाल तंवर ने विधानसभा में पूछा था कि 2008 में सेक्टर सात, आठ और 11 बसाने के लिए 360 एकड़ जमीन खरीदी गई थी, उसका क्या स्टेटस है। इसके जवाब में मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि 367.86 एकड़ जमीन 2013 में अधिग्रहित हुई थी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने सेक्टर-11 के एक हिस्से को 66 एकड़ में विकसित किया है। इसमें अलग-अलग साइज के 362 प्लॉट हैं।हालांकि, इन प्लॉट्स की ई-नीलामी में उम्मीद के मुताबिक खरीदार नहीं मिले। इस वजह से प्लॉटों का आवंटन नहीं हो पाया है। अभी सेक्टर सात, आठ और 11 के बाकी हिस्सों में विकास कार्य शुरू नहीं हुए हैं। सरकार अब इन नए सेक्टरों के काम को तेजी से आगे बढ़ाना चाहती है और इसके लिए ई-ऑक्शन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इससे क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी और लोगों को नए अवसर मिलेंगे।