NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका के कॉमर्स मिनिस्टर हॉवर्ड लूटनिक और भारत के लिए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से उनकी मुलाकात हुई और उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार संबंधों को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
गोयल और लूटनिक की यह मुलाकात अमेरिकी टैरिफ से बने हालात में अहम है। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए जवाबी टैरिफ वहां की सुप्रीम कोर्ट से खारिज होने के बाद ट्रंप प्रशासन ने भारत सहित सभी देशों पर 10% टैरिफ लगा दिया है।
इस घटनाक्रम के चलते भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने से जुड़ा भारतीय अधिकारियों का अमेरिकी दौरा टल गया। 23 फरवरी से अमेरिका में इस पर बात होनी थी। दोनों देशों ने 7 फरवरी को संयुक्त बयान जारी किया था और मार्च के मध्य तक समझौते की कानूनी बातों को अंतिम रूप देने की तैयारी है। इससे पहले गोयल ने कहा था कि अप्रैल में अंतरिम व्यापार समझौता लागू करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। इस हफ्ते मंगलवार को उन्होंने कहा था कि अमेरिका में टैरिफ की तस्वीर जैसे ही ज्यादा साफ होगी, भारत यह बातचीत दोबारा शुरू करेगा।
लूटनिक भारतीय मूल के अरबपति अमेरिकी बिजनेस एग्जिक्यूटिव की बेटी की शादी के सिलसिले में भारत आए हैं। यूपी में जन्मे और गूगल सहित कई बड़ी कंपनियों में ऊंचे ओहदों पर रह चुके इन टॉप बिजनेस एग्जिक्यूटिव की बेटी की शादी इसी हफ्ते भारत में होनी है।
गोयल ने X पर एक पोस्ट में कहा, 'अमेरिका के कॉमर्स मिनिस्टर हॉवर्ड लूटनिक और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की मेजबानी की। हमारी आर्थिक और व्यापार साझेदारी को बढ़ाने के लिए बहुत सार्थक चर्चा हुई।'


