NBT रिपोर्ट, मुरादाबाद : मुरादाबाद जिले के कांठ थाना क्षेत्र में एक महिला सिपाही के निजी विडियो कुछ दिन पहले वायरल हुए थे। पीड़िता सिपाही ने रविवार को चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। साथ ही शादी तुड़वाने, परेशान करने, धमकियां देने और रंगदारी मांगने के आरोप लगाए हैं। मुरादाबाद के कांठ थाने में दर्ज कराई FIR में महिला सिपाही ने बताया कि जिले के धामपुर के गांव अमखेड़ा के एक युवक 2018 से उसे परेशान कर रहा है। पीड़िता के अनुसार, युवक उस पर गलत नजर रखता है और उसका पीछा करता है। उसका एक साथी भी उसका साथ देता है। महिला सिपाही ने आरोप लगाया कि युवक और उसके दोस्त ने उसके प्राइवेट विडियो वायरल कर दिए थे। पीड़िता का कहना है कि अक्टूबर 2025 में आरोपी, उसके भाई और दोस्त ने एक ग्रुप बनाकर उसके विडियो वायरल किए। जिससे उसकी तय शादी टूट गई। आरोप लगाया है कि आरोपी फर्जी कोर्ट मैरिज के कागजात दीवारों पर चस्पा कर उसकी शादी पहले भी तुड़वा चुका है। जिससे वह मानसिक तनाव में है। थाना प्रभारी सुदेश पाल सिंह ने कहा कि FIR दर्ज कर जांच की जा रही है।

