प्रॉपर्टी मार्केट में सुस्ती, पर नए घरों की सप्लाई बढ़ी : रिपोर्ट

नवभारत टाइम्स

प्रॉपर्टी मार्केट में सुस्ती के बावजूद नए घरों की सप्लाई बढ़ी है। अक्टूबर से दिसंबर 2025 तिमाही में घरों की मांग घटी, लेकिन सप्लाई में इजाफा हुआ। कीमतें बढ़ी हैं, पर रफ्तार धीमी हुई है। ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, ठाणे और नोएडा में नई सप्लाई बढ़ी है। मिड और अपर-मिड सेगमेंट में यह रिकवरी देखी गई है।

despite slowdown in property market new home supply surges report

NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली: अक्टूबर–नवंबर–दिसंबर (OND) 2025 तिमाही में बड़े शहरों में घरों की मांग तिमाही के हिसाब से 8.7% घट गई, जबकि सप्लाई 3.4% बढ़ गई। Magicbricks’ के ताजा PropIndex रिपोर्ट के मुताबिक, इस तिमाही में घरों की कीमतें तिमाही आधार पर 1.5% और सालाना आधार पर 16.9% बढ़ीं। यह पिछले दो साल में दाम बढ़ने की सबसे धीमी रफ्तार है, जो यह दिखाती है कि मार्केट अब ज्यादा किफायती और सही कीमत पर आधारित हो रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा (+9.6%), गुरुग्राम (+6.6%), ठाणे (+5.1%) और नोएडा (+4.8%) नई सप्लाई बढ़ाने वाले प्रमुख शहर बनकर उभरे। यह रिकवरी ज्यादातर मिड और अपर-मिड सेगमेंट में दिखी। क्योंकि डिवेलपर्स ने नई लॉन्चिंग को ज्यादा से ज्यादा एंड-यूजर (खुद रहने वालों) की जेब के हिसाब से सेट करना शुरू कर दिया है। NCR में मिड और अपर-मिड सेगमेंट की सप्लाई ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम (दोनों +27.3%) और नोएडा (+13.4%) में तेजी से बढ़ी। लग्जरी सेगमेंट की सप्लाई में हल्की सुस्ती दिखी। गुरुग्राम में 3 करोड़ रुपये तक के घरों की सप्लाई 32.5% बढ़ी, जबकि 5 करोड़ रुपये से ऊपर वाले लग्जरी सेगमेंट में यह बढ़त सिर्फ 14.2% रही। मुंबई में भी कुछ ऐसा ही ट्रेंड नजर आया, जहां 5 करोड़ रुपये तक के घरों की सप्लाई 10.2% बढ़ी, जबकि 9 करोड़ रुपये से ऊपर के घरों की लिस्टिंग तिमाही आधार पर 8.5% घट गई। बेंगलुरु इकलौता ऐसा बड़ा शहर है जहां लग्जरी घरों का क्रेज कम नहीं हुआ है।