AI बूम से पहले वाले दौर में पहुंची Nvidia की मार्केट वैल्यू

नवभारत टाइम्स
AI बूम से पहले वाले दौर में पहुंची Nvidia की मार्केट वैल्यू
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट: दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी Nvidia के शेयरों में पिछले दो महीनों में जबरदस्त गिरावट आई है। कंपनी ने अपनी मार्केट वैल्यू से करीब 1 ट्रिलियन डॉलर गंवा दिए हैं। कंपनी का स्टॉक अब उतना ही सस्ता हो गया है जितना वह AI की लहर शुरू होने से पहले था। इसी AI की लहर ने इसके शेयरों को आसमान की ऊंचाइयों पर पहुंचाया था। 14 मई को अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचने के बाद से कंपनी के शेयरों में 16% की गिरावट आई है।

Bloomberg के आंकड़ों के मुताबिक, आखिरी बार Nvidia के शेयर इतने सस्ते साल 2019 की शुरुआत में थे। यह गिरावट कितनी बड़ी है, इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि अब यह कंपनी S&P 500 इंडेक्स और टेक कंपनियों वाले नैस्डैक 100 इंडेक्स से भी सस्ती हो गई है। हहालांकि, Nvidia की घटती वैल्यू का मतलब यह कतई नहीं है कि कंपनी का भविष्य धुंधला है। इसके उलट, वॉल स्ट्रीट के जानकारों ने आने वाली तिमाहियों के लिए इसके मुनाफे के अनुमान को और बढ़ा दिया है। दरअसल, यह गिरावट दिखाती है कि निवेशकों का रुझान अब AI के दूसरे हिस्सों जैसे माइक्रोन टेक्नोलॉजी जैसी मेमोरी और स्टोरेज कंपनियों की तरफ मुड़ रहा है।