Pfrda Forms High level Expert Committee To Bring Foreign Pension Funds To India
विदेशी निवेश के लिए बनी हाई लेवल एक्सपर्ट कमिटी
नवभारत टाइम्स•
पेंशन फंड रेगुलेटर PFRDA ने एक हाई-लेवल कमिटी बनाई है। इस कमिटी का काम भारत में विदेशी पेंशन फंड्स का पैसा लाने का रास्ता तैयार करना है। PFRDA का कहना है कि नैशनल पेंशन सिस्टम ( NPS ) के तहत काम कर रहे भारतीय पेंशन फंड्स और दुनिया के बड़े विदेशी पेंशन फंड्स के बीच तालमेल बिठाकर यह निवेश भारत लाया जाएगा।
इस कमिटी का नाम ASCEND (एक्सेलरेटेड स्केलिंग ऑफ ग्लोबल कैपिटल इकोसिस्टम एंड एनपीएस डिवेलपमेंट) रखा गया है। इसमें एक्सपर्ट्स का एक पैनल है, जो यह सुझाव देगा कि कैसे भारतीय पेंशन फंड्स विदेशी फंड्स के साथ मिलकर निवेश कर सकते हैं। PFRDA के मुताबिक, इस तालमेल से भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में लंबे समय के लिए स्थिर पैसा आएगा। इससे घरेलू शेयर बाजार और मजबूत होगा और देश की आर्थिक तरक्की को सहारा मिलेगा। PFRDA ने कहा कि इस साझेदारी से निवेश के नए और अलग-अलग विकल्प मिलेंगे। इससे NPS सब्सक्राइबर्स को बेहतर रिटर्न मिल सकेगा।