Bloody Clash Over 3 Thousand Dispute Bullets Fired Stone Pelting Two Dead Two Injured
तीन हज़ार रुपये के लेनदेन में डबल मर्डर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, बुलंदशहर
सिकंदराबाद कोतवाली इलाके के निजामपुर गांव में मात्र तीन हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में मंगलवार रात दो पक्षों में 15 मिनट तक गोलियां चलती रहीं, पथराव हुआ। घटना में दोनों पक्षों के दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाल। तीन हजार रुपये का विवाद अन्य लोगों के बीच था, मरने वाले उनके सपोर्टर थे। फायरिंग में एक पक्ष के सोनू (40) व दूसरे पक्ष के अजब सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। गांव में शांति व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस बल के अलावा पीएसी बल भी तैनात किया गया है। निजामपुर निवासी सोनू और अजब सिंह के परिवार गांव में रहते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे दोनों पक्ष कार से गांव के बाहर दनकौर रोड पर पहुंचे और एक-दूसरे की गाड़ी में आमने-सामने से टक्कर मार दी। इसके बाद एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 15 मिनट तक फायरिंग होती रही। फायरिंग से आसपास अफरा-तफरी मच गई। सड़क किनारे रहने वाले लोगों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। मार्ग से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों ने भी अपने वाहनों को रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव भी किया। फायरिंग के दौरान एक पक्ष के सोनू व दूसरे पक्ष के अजब सिंह गोली लगने से घायल हो गए। अजब सिंह पक्ष के अरविंद समेत दो लोग घायल हो गए।