Noida Scammers Swindle Over 27 Lakhs From Businessman By Showing Profits On App Fir Filed In Cyber Crime
ऐप पर मुनाफा दिखा हड़प लिए सवा 27 लाख रुपये
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नोएडा
शेयर बाजार और आईपीओ (IPO) में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने नोएडा के एक कारोबारी से 27.13 लाख रुपये हड़प लिए। सेक्टर-168 स्थित लोटस जिंग सोसायटी निवासी पीड़ित को जालसाजों ने एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए अपने जाल में फंसाया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस अब उन बैंक खातों की पड़ताल कर रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर की गई थी।पीड़ित कारोबारी के मुताबिक, अप्रैल 2025 में एक अज्ञात व्यक्ति ने वॉट्सऐप के जरिए उनसे संपर्क किया और उन्हें एक इन्वेस्टमेंट ग्रुप में जोड़ दिया। इस ग्रुप में शेयर बाजार से जुड़े टिप्स और कम समय में पैसा दोगुना करने के दावे किए जाते थे। ठगों ने कारोबारी का भरोसा जीतने के लिए उन्हें एक विशेष शेयर ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया। शुरुआत में उनसे 10-10 हजार रुपये की छोटी रकम निवेश कराई गई। जब ऐप पर नकली मुनाफा दिखने लगा, तो कारोबारी का लालच बढ़ गया। 11 अप्रैल से 12 मई 2025 के बीच पीड़ित ने ठगों के बताए अनुसार अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर किए। जालसाजों ने धीरे-धीरे उनसे 60 हजार, एक लाख, साढ़े तीन लाख और फिर तीन-तीन लाख रुपये की कई किस्तों में कुल 27.13 लाख रुपये जमा करा लिए। जब पीड़ित ने अपना मूलधन और मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो ऐप ने भुगतान रोक दिया। ठगों ने पैसे देने के बदले टैक्स और अन्य शुल्कों के नाम पर और रकम की मांग शुरू कर दी, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का पता चला। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में महाराष्ट्र के एक बैंक खाते का सुराग मिला है।