65 Lakhs Cheated In Scrap Business Fir Registered Against 6
स्क्रैप कारोबार में ~65 लाख गंवाए, छह के खिलाफ FIR
Contributed by: झारखंड व असम के हैं आरोपी|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
स्क्रैप कारोबार के नाम पर 65 लाख रुपये की कथित ठगी में ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने पांच कारोबारियों की शिकायत पर झारखंड और असम के 6 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) सेंट्रल को सौंप दी है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी स्क्रैप डील का झांसा देकर लाखों रुपये हड़प लिए। बाद में जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।जानकारी के अनुसार, सेक्टर-19 निवासी कारोबारी रोहित सिंघल ने अपने साझेदारों कनिष्क अग्रवाल, सुनील कुमार अग्रवाल, पवन कुमार राय और फूलचंद की ओर से पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी मुलाकात अशफाक अहमद के माध्यम से झारखंड निवासी उमेश महतो, उसकी पत्नी सुमिता कुमारी, देवाशीष सिन्हा, जितेंद्र तथा शिल्पी से हुई थी। आरोपियों ने दावा किया कि उनकी कंपनी स्कोरिया इंफ्रा प्रॉजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड को बिहार स्पॉन्ज आयरन लिमिटेड का मेटल स्क्रैप बेचने का अधिकार प्राप्त है। पीड़ितों के अनुसार, आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि स्क्रैप की नियमित आपूर्ति की जाएगी। इस भरोसे पर 2 अगस्त 2024 को दोनों पक्षों के बीच बिक्री-खरीद का एग्रीमेंट भी कराया गया, जिसे नोटरी से सत्यापित कराया गया। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 65 लाख रुपये स्कोरिया इंफ्रा प्रॉजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। शिकायत में कहा गया है कि भुगतान के बाद भी आरोपियों ने न तो स्क्रैप की आपूर्ति की और न ही फैक्ट्री का निरीक्षण कराया। जब कारोबारियों ने माल उठाने का दबाव बनाया तो आरोपियों ने अतिरिक्त 50 लाख रुपये जमा कराने की मांग कर दी।
महिला ने झूठे केस में फंसाने की दी धमकी
पीड़ितों का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उमेश महतो की पत्नी सुमिता कुमारी ने झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी, जबकि अन्य आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने का दबाव बनाया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि अशफाक अहमद ने ही उन्हें आरोपियों से मिलवाया और लगातार भरोसा दिलाता रहा कि निवेश पूरी तरह सुरक्षित है।
शिकायत की जांच के बाद डीसीपी मुख्यालय की अनुमति से ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) सेंट्रल फरीदाबाद करेगी। जांच के दौरान बैंक खातों में हुए लेनदेन, एग्रीमेंट, कंपनी के दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस मामले में जांच तेज कर दी है।
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : महिला का फोन हैक कर 5.12 लाख रुपये की ठगी करने के एक मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने स्पर्श (27) निवासी सेक्टर-12 करनाल को गिरफ्तार किया है। उसे न्यायलय में पेश कर 2 दिन पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने एलएलबी की पढ़ाई कर रखी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने दिल्ली से एलएलबी की पढ़ाई की है। उसकी टेलिग्राम के माध्यम से ठगों से जानकारी हुई थी। जिन्होंने उसको खाता ऑपरेट कर पैसे कमाने का लालच दिया था। जिस पर वह उनके लिए काम करने लग गया। ठगों द्वारा उसके पास कोरियर के माध्यम से खातों की किट व पंजीकृत SIM भेजी जाती थी। जिसके माध्यम से वह यूपीआई व PIN जनरेट कर खाते में आए पैसों को निकाल कर एटीएम मशीन के माध्यम से ठगों द्वारा बताये खातों में पैसे भेज देता था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि 7/8 अन्य खाता का भी एक्सेस उसके पास मिला है। आरोपी ने डबुआ कॉलोनी की रहने वाली एक महिला को लिंक भेजा था। लिंक पर क्लिक करते ही उसका फोन हैक हो गया और उसके खाता से 5 लाख 12 हजार रुपये कट गए।