छात्र के सिर पर तमंचा रख बेल्ट से पीटा

नवभारतटाइम्स.कॉम
lucknow student beaten with belts after pistol held to head rs 2 lakh extorted
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : बीबीडी थानाक्षेत्र में शक्ति अपार्टमेंट में घुस कुछ लोगों ने हथियार के बल पर छात्र को बंधक बना लिया। आरोपितों ने छात्र के सिर पर तमंचा सटाकर बेल्टों से बुरी तरह पीटा और दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इतना ही नहीं, लूटपाट के बाद आरोपितों ने पीड़ित छात्र को सड़क पर दौड़ा-दौड़कर गोली मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर बीबीडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तिवारीगंज स्थित बीसीसी शक्ति अपार्टमेंट में किराए पर रहने वाले छात्र प्रिंस यादव ने बताया कि 20 जुलाई की देर रात 2:15 बजे वह अपने फ्लैट में मौजूद थे। उसी दौरान मृदुल राय, राकेश गुप्ता, आदित्य पांडेय, विवेक, गुलशन और उनके चार अन्य साथी जबरन फ्लैट के अंदर घुस आए। प्रिंस जब तक कुछ समझ पाते, आरोपियों ने सीधे उनके सिर पर तमंचा तान दिया और 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगे। जब प्रिंस ने विरोध किया, तो दबंगों ने उन्हें बेल्टों से पीटना शुरू कर दिया। छात्र के शोर मचाने पर आरोपितों ने कमरे में रखा उनका फोन और गले की चेन लूट ली। इसके बाद आरोपित छात्र को घसीटते हुए अपार्टमेंट के बाहर सड़क तक ले गए। पीड़ित प्रिंस यादव के मुताबिक, अपार्टमेंट से बाहर लाकर आरोपितों ने तमंचा दिखाकर उन्हें सड़क पर दौड़ने को कहा। डर के मारे जब प्रिंस जान बचाने के लिए दौड़ने लगे, तो आरोपितों ने बाइक से उनका पीछा किया और रुकने पर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज : घटना के बाद पीड़ित छात्र ने बीबीडी थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। बीबीडी थाना इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अब इस मामले में आरोपित मृदुल राय, राकेश गुप्ता, आदित्य पांडेय, विवेक, गुलशन (5 नामजद) और 4 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

रेकमेंडेड खबरें