Strict Action Will Be Taken Against Builders Disconnecting Electricity Connections Cm Nayab Singh Saini
बिजली कनेक्शन काटने वाले बिल्डरों पर होगी कार्रवाई
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बिल्डर मेंटिनेंस शुल्क के बकाया होने के नाम पर परिवारों के बिजली कनेक्शन नहीं काट सकते। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया कि वह तय करें कि कोई भी बिल्डर मेंटिनेंस शुल्क की वसूली नाम पर किसी आवास का बिजली कनेक्शन न काटे। यदि कोई बिल्डर मनमानी करता मिले तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि लोगों के मूलभूत अधिकारों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह आदेश शनिवार को गुड़गांव के सिविल लाइन स्थित जिला स्वतंत्रता सेनानी हॉल में डिस्ट्रिक्ट ग्रीवांस रिड्रेसल कमिटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिया। बैठक में सेक्टर-83 से आए आरडब्ल्यूए सदस्यों ने सीएम से इस संबंध में शिकायत की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए।
‘CM विंडो की शिकायतों को गंभीरता से लें’
बैठक में कुल 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 13 का मुख्यमंत्री ने मौके पर ही निपटारा कर दिया। दो मामलों को अगली बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि CM विंडो की शिकायतों को अधिकारी गंभरता से लें, लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। बैठक में उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक बिमला चौधरी, तेजपाल तंवर और मुकेश शर्मा उपस्थित रहे।