स्वरूप नगर में 2 मंज़िला मकान गिरा, एक की मौत, चार घायल

नवभारतटाइम्स.कॉम
swaroop nagar house collapse one laborer dead four injured debris removal underway
n नवीन निश्चल, नई दिल्ली

आउटर नॉर्थ दिल्ली के स्वरूप नगर में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ। पुराने मकान को तोड़ते वक्त लेंटर गिरने से भरभराकर मकान का बड़ा हिस्सा गिर गया। इससे 5 मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिनमें से 1 की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, कैट एंबुलेंस, सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गई। जानकारी के अनुसार, कैट्स एंबुलेंस द्वारा 4 घायलों को हॉस्पिटल ले जाया गया। पांचवे को दिल्ली फायर सर्विस की टीम द्वारा मलबे से निकाला गया, जिसकी मौत हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शी शत्रुघ्न ने बताया कि दोपहर करीब 2ः30 बजे पुराने मकान को तोड़ा जा रहा था। मजदूर मशीनों से लेंटर को तोड़ रहे थे। लंच के समय कुछ मजदूर खाना खा रहे थे और कुछ आराम कर रहे थे। उसी दौरान अचानक लेंटर भरभराकर गिर गया और हादसे में 5 मजदूर मलबे के नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने रेस्क्यू शुरू किया साथ ही पुलिस और फायर की टीम को भी सूचना दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से 4 मजदूरों को निकालकर पास के हॉस्पिटल में भेजा। स्टेशन ऑफिसर प्रवीण ने बताया कि फायर सर्विस की टीम कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लास्ट के मजदूर को निकाला। लेकिन बाबू जगजीवन राम हॉस्पिटल में एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच अब स्थानीय पुलिस कर रही है।

ये हुए हादसे का शिकार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संजय ( 40) के रूप में हुई है। घायलों में से 2 की पहचान रोहित ( 28 ) और महेंद्र ( 30 ) के रूप में की गई है। बाकी दो मजदूरों को मामूली चोट लगी है। लेंटर तोड़ते समय सीढ़ी वाला आगे का हिस्सा गिर गया था।

रेकमेंडेड खबरें