Youth Defrauded Of 2 Lakhs While Trying To Transfer Money From Credit Card Money Siphoned Off Before Reaching Account
क्रेडिट कार्ड से ट्रांसफर कराने थे पैसे, खाते में आने से पहले ही हो गई ठगी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए क्रेडिट कार्ड से बैंक खाते में राशि ट्रांसफर कराना एक युवक को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने कम प्रोसेसिंग चार्ज का लालच देकर उसके क्रेडिट कार्ड से दो लाख रुपये निकाल लिए, लेकिन रकम पीड़ित के खाते में नहीं पहुंची। मामले में जांच के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पलवल के ककड़ीपुर निवासी ने शिकायत में बताया कि 11 अप्रैल को उसे पैसों की आवश्यकता थी। इंटरनेट पर तलाश करने के दौरान "सनसाइन पेमेंट सलूशन" नाम से एक सेवा की जानकारी मिली। वहां दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राकेश बताया। उसने भरोसा दिलाया कि केवल 0.75 प्रतिशत चार्ज लेकर क्रेडिट कार्ड से सीधे बैंक खाते में रकम ट्रांसफर कर दी जाएगी। कुछ देर बाद दूसरे मोबाइल नंबर से वॉट्सऐप पर संपर्क किया गया। राहुल शर्मा नामक व्यक्ति को फरीदाबाद के लिबर्टी शोरूम के पास भेजा गया। राहुल ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी कराई। इसी दौरान राकेश फोन पर लगातार संपर्क में रहा और कपिल को निर्देश देता रहा। पीड़ित का आरोप है कि राहुल और राकेश के बताए अनुसार प्रक्रिया पूरी करने पर उसके क्रेडिट कार्ड से एक-एक लाख रुपये की दो ट्रांजैक्शन हो गई। कुल दो लाख रुपये कार्ड से डेबिट हो गए, लेकिन यह राशि उसके भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के खाते में कभी जमा नहीं हुई। इसके बाद उसे एहसास हुआ कि उसके साथ सुनियोजित साइबर ठगी की गई है।