nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : मड़ियांव पुलिस ने फेक नोटों के कारोबार के आरोप में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 13.95 लाख रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार प्रधान मैरिज लॉन चौराहे के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर घैला पुल के पास से तीन युवकों को पकड़ा गया।
आरोपितों की पहचान आजमगढ़ निवासी आलोक सिंह, सोनू गौंड उर्फ गोलू और बृजेश विश्वकर्मा के रूप में हुई है। तलाशी में उनके पास से 500 रुपये के 1,402 और 100 रुपये के 6,946 जाली नोट बरामद हुए। एक मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया है। आरोपितों ने बताया कि वे आजमगढ़ निवासी मंजीत प्रधान से फेक करेंसी लेकर तय स्थानों पर पहुंचाते थे और बदले में कमीशन पाते थे। उनके अनुसार पांच लाख रुपये की असली करेंसी के बदले 15 लाख रुपये की जाली करेंसी दी जाती थी। डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार बरामद फेक करेंसी बेहद उच्च गुणवत्ता की है, जिसे आम व्यक्ति आसानी से पहचान नहीं सकता।


