nNBT न्यूज, जानकीपुरम : जानकीपुरम इलाके में कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक के एकलौते बेटे आकाश राजपूत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए है।
हिमनापुर फगुआ भट्ठा कन्नौज निवासी डॉ. राजेन्द्र सिंह राजपूत दिल्ली में कृषि विभाग में अतिरिक्त निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। पत्नी सुनीता देवी, बेटी डॉ. शिवानी राजपूत, बेटा आकाश राजपूत (28) जानकीपुरम सेक्टर-9 में रहते है। बहन शिवानी के अनुसार उसका भाई आकाश घर के निचले हिस्से में पीछे के कमरे में रहकर पढ़ाई करता था। मम्मी सुनीता दूसरे कमरे में थी। वह घर के प्रथम तल पर रहती है। घर के द्वितीय तल पर किराएदार रहते है। शिवानी ने बताया कि उनका भाई आकाश कई दिन से कमरे से बाहर नही निकला। मंगलवार सुबह कमरे से दुर्गंध आने के बाद परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि आकाश (28) कमरे के पंखे में दुपट्टा के सहारे लटक रहे थे। पुलिस ने शव पंखे से उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक शव तीन दिन पुराना लग रहा है।
सूचना मिलते ही पिता की तबीयत बिगड़ी
इकलौते बेटे के मौत की सूचना मिलते ही डॉ. राजेन्द्र सिंह राजपूत की तबियत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आकाश की मां सुनीता देवी और बहन शिवानी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद तिवारी ने बताया कि मौके पर कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है।


