n NBT रिपोर्ट, नोएडा : अथॉरिटी ने मंगलवार से शहर के कई एरिया में नालों की सफाई का काम शुरू करा दिया है। कई एरिया के टेंडर फाइनल हो गए हैं तो कुछ के अभी पाइपलाइन में है। अथॉरिटी अधिकारियों का कहना है कि 30 जून तक अधिकांश नालों की सफाई का काम कंप्लीट हो जाएगा। नोएडा अथॉरिटी पर नालों की सफाई को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। हर साल अप्रैल मई में टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर नालों की सफाई का काम मई में शुरू हो जाता है और 15 जून तक इसे पूरा करना होता है। इस बार पूरी प्रक्रिया देर से शुरू हुई। टेंडर की प्रक्रिया ही जून में चल रही है। बताया जा रहा है कि अलग-अलग वर्क सर्कल के अलग-अलग टेंडर हुए हैं। इसके चलते सभी वर्क सर्कल में अलग-अलग फर्में नालों की सफाई का काम करेंगी। सोमवार को सेक्टर-63, सेक्टर-59 सी ब्लॉक सेक्टर-59 डी ब्लॉक,सेक्टर-64 ए ब्लॉक, सेक्टर-58 बिशनपुरा के पास, सेक्टर-62 ए में नालों की सफाई का काम शुरू हो गया।


