nNBT न्यूज, पीजीआई : पीजीआई क्षेत्र के कल्ली पश्चिम गांव निवासी मजदूर देशराज (40) का शव बुधवार को गांव के पास नहर किनारे उसके खेत में मिला। देशराज सोमवार रात मोबाइल लेने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवारीजनों ने काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला, जबकि बाइक भी पास में खड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद और एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव ने जांच-पड़ताल की। मृतक की पत्नी सीमा देवी ने जमीन विवाद में हत्या की आशंका जताते हुए देवा शुक्ला, रमापति तिवारी, सीमा सिंह, अब्दुल फहद समेत छह लोगों को नामजद किया है। आरोप है कि आरोपितों ने नशीला पदार्थ खिलाकर जमीन बिकवाई थी और रुपये मांगने पर लगातार धमकी दे रहे थे।
परिवारीजनों के अनुसार देशराज चार महीने पहले जमीन विवाद से जुड़े एक मुकदमे में जेल गया था। एक सप्ताह पहले ही जमानत पर रिहा होकर घर लौटा था। पत्नी का दावा है कि शव के चेहरे पर चोट के निशान थे, शरीर काला पड़ा हुआ था तथा घटनास्थल के पास इंजेक्शन, जूते और बेल्ट भी मिले।
हिरासत में लिए गए संदिग्ध
पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीसीपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।


