नगर आयुक्त ने दो टैक्स इंस्पेक्टर को किया निलंबित

नवभारत टाइम्स

लखनऊ में हाउस टैक्स वसूली में लापरवाही पर नगर आयुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। जोन 6 के टैक्स इंस्पेक्टर इसरार और जोन 3 के टैक्स इंस्पेक्टर शाहन हुसैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

nagar ayukts action two tax inspectors suspended for negligence in house tax collection
लखनऊ में हाउस टैक्स वसूली में लापरवाही पर नगर आयुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। वित्त वर्ष खत्म होने से पहले खराब प्रदर्शन करने वाले दो टैक्स इंस्पेक्टरों को निलंबित कर दिया गया है। जोन 6 के टैक्स इंस्पेक्टर इसरार और जोन 3 के टैक्स इंस्पेक्टर शाहन हुसैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। दोनों को फिलहाल नगर निगम मुख्यालय से अटैच किया गया है। वहीं, जोन 8 के टैक्स सुपरिंटेंडेंट राम अचल और सुरेंद्र सिंह को भी टैक्स वसूली में खराब प्रदर्शन के लिए प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई है और उनके खिलाफ जल्द विभागीय कार्रवाई होगी।

नगर आयुक्त गौरव कुमार टैक्स वसूली में लगातार हो रही गिरावट से नाराज थे। उन्होंने रविवार देर रात करीब 10 बजे सभी अपर नगर आयुक्तों, जोनल अफसरों और टैक्स सुपरिंटेंडेंट को गोमती नगर स्थित एसबीएम कार्यालय में तलब किया। वहां उन्होंने अफसरों की जमकर क्लास लगाई। नगर आयुक्त के अचानक बुलावे पर कई अफसर देर से पहुंचे, जिस पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
दरअसल, मौजूदा वित्त वर्ष खत्म होने में कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में हाउस टैक्स की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन, कुछ अफसरों की लापरवाही के चलते वसूली का लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा था। इसी को देखते हुए नगर आयुक्त ने यह सख्त कदम उठाया है। इस निलंबन और प्रतिकूल प्रविष्टि से निगम के अन्य अफसरों में भी हड़कंप मच गया है। उम्मीद है कि इस कार्रवाई से टैक्स वसूली में सुधार आएगा और बाकी बचे दिनों में लक्ष्य पूरा करने में मदद मिलेगी।

नगर आयुक्त ने साफ कर दिया है कि टैक्स वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अफसरों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जोन में वसूली बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास करें। इस मामले में आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।