ब्रह्मनगर में सीवर हो रहा लीक, जोनल कार्यालय पर प्रदर्शन

नवभारत टाइम्स

आलमबाग के ब्रह्मनगर में सीवर लीकेज से लोग परेशान हैं। दो महीने से सड़क पर दूषित पानी बह रहा है। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने पर स्थानीय लोगों ने जोन पांच कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जलकल के अफसरों ने जल्द समस्या ठीक करने का आश्वासन दिया है।

brahm nagar sewer leak distressed by contaminated water for two months women protest at zone office
लखनऊ: आलमबाग के ब्रह्मनगर कॉलोनी के लोग सीवर लीकेज की समस्या से परेशान हैं। दो महीने से सड़क पर बह रहे दूषित पानी और बदबू से तंग आकर स्थानीय लोगों ने गुरुवार को जोन पांच कार्यालय पर प्रदर्शन किया। भाजपा पार्षद प्रतिनिधि गिरीश मिश्रा के नेतृत्व में महिलाओं ने जलकल के अफसरों को घेर लिया और अपनी नाराजगी जाहिर की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सीवर लीकेज की शिकायत कई बार की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। महिलाओं ने बताया कि सीवर की बदबू से घरों के अंदर सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। हर तरफ गली में दूषित पानी उफना रहा है। अधिकारी सिर्फ मौके पर आकर मुआयना करते हैं और चले जाते हैं। उन्होंने नगर निगम और जलकल कार्यालय में कई बार शिकायतें की हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
मौके पर पहुंचे जलकल के अफसरों ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। पार्षद प्रतिनिधि गिरीश मिश्र ने बताया कि ब्रह्म नगर की महिलाओं ने नगर निगम जोन पांच कार्यालय के बाहर सीवर की समस्या को लेकर जलकल के अफसरों का घेराव किया।

इस प्रदर्शन में सुनील श्रीवास्तव, अवधेश मिश्रा, नीतू, महेंद्र, रेणू, लवकुश, सोनू अवस्थी सहित कई अन्य लोग शामिल हुए। लोगों की मांग है कि सीवर लीकेज की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए ताकि उन्हें इस गंदगी और बदबू से निजात मिल सके।