NBT रिपोर्ट, मुंबई : पिछले तीन दिनों से शेयर बाजार में जारी गिरावट पर सोमवार को ब्रेक लग गया। बैंकिंग और ऑटो सेक्टर सहित चुनिंदा बड़े शेयरों में हुई खरीदारी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी में 1% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। हालांकि वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.41% बढ़कर 104.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक्सपर्ट्स का कहना है कि पश्चिम एशिया की जंग और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से बाजार में अभी भी पूरी तरह से डर खत्म नहीं हुआ है।
30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 938.93 अंक (1.26%) उछलकर 75,502.85 पर बंद हुआ। वहीं, 50 शेयरों वाला NSE निफ्टी भी 257.70 अंक (1.11%) बढ़कर 23,408.80 पर पहुंच गया। वहीं, BSE मिडकैप सिलेक्ट इंडेक्स में 0.36% और स्मॉलकैप सिलेक्ट इंडेक्स में 0.25% की मामूली गिरावट आई। सेक्टर के हिसाब से देखें तो BSE टॉप 10 बैंक इंडेक्स 1.61% उछला। अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर 4.22% चढ़े।


