n NBT न्यूज, नोएडा
सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई अस्पताल की टेंडर प्रक्रिया को लेकर एक कंपनी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। एनवायरन वेस्ट कनेक्शंस एलएलपी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें गलत तरीके से तकनीकी स्तर पर अयोग्य घोषित कर दिया। कंपनी के जीएम के अनुसार अस्पताल में बायो-मेडिकल वेस्ट के उठान, संग्रह, उपचार और निपटान से जुड़े टेंडर में उनकी फर्म ने भी हिस्सा लिया था।
कंपनी का कहना है कि 8 अप्रैल को पीजीआई प्रशासन ने यह कहते हुए स्पष्टीकरण मांगा था कि समान कार्य से संबंधित जरूरी वर्क ऑर्डर जमा नहीं किए गए हैं। इसके बाद कंपनी ने जीईएम पोर्टल के नियमों के अनुसार सभी जरूरी दस्तावेज और अपना पक्ष पोर्टल पर जमा कर दिया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बावजूद 22 अप्रैल को अस्पताल प्रशासन ने उनकी बोली को अयोग्य घोषित कर दिया। इसके पीछे कारण बताया गया कि जीईएम पोर्टल के नियमों के अनुसार कंपनी ने दिए गए प्रतिनिधित्व पर विचार नहीं किया जा सकता। कंपनी का आरोप है कि इसके बाद केवल एक बोलीदाता की वित्तीय बोली खोल दी गई। फर्म ने दावा किया है कि यह पूरी प्रक्रिया केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के दिशा-निर्देशों, सामान्य वित्तीय नियमों (जीएफआर) और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है। कंपनी का कहना है कि ऐसी प्रक्रिया से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा प्रभावित होगी और सरकार व संस्थान को आर्थिक नुकसान भी हो सकता है। फर्म ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उनकी तकनीकी बोली पर दोबारा विचार करने की मांग की है। वहीं, इस मामले में चाइल्ड पीजीआई प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

