ट्रंप से बढ़ती नाराजगी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
public anger in america due to trumps policies immigrants and indian community affected
5 नवंबर का संपादकीय ‘प्रवासियों की जीत’ पढ़ा। ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत हासिल नहीं कर पाई। इसकी एक प्रमुख वजह ट्रंप की आक्रामक नीतियां और आव्रजन संबंधी फैसले रहे, जो जनता को रास नहीं आए। जिन प्रतिभाओं के दम पर अमेरिका विश्व में महाशक्ति होने का दावा करता है, ट्रंप ने उन्हीं के देश में प्रवेश पर रोक लगाने की कोशिश की। H-1B वीजा जैसे नियमों में सख्ती के कारण विदेशी पेशेवरों, खासकर बड़े भारतीय समुदाय में नाराजगी बढ़ी। यही वजह है कि अमेरिकी मतदाताओं ने कई भारतीय मूल के उम्मीदवारों को पसंद किया और उन्हें ऊंचे पदों पर पहुंचाया। हालांकि, उनकी व्यक्तिगत योग्यता और स्थानीय लोगों से जुड़ाव ने भी अमेरिकी राजनीति में उनकी भागीदारी मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।

पैंथर तोमर, किशन गंज
 दूसरों की खुशी के लिए दीप जलाएं

दीपावली पर घर में दीप जलें या न जलें, सजावट हो या न हो, लेकिन मन के दीप जरूर जलने चाहिए। इनके आगे बाकी सारे दीप फीके हैं। अगर मन के दीप नहीं जले तो बाहरी सजावट केवल दिखावा है। दीवारों और दरवाजों पर लगी रंग-बिरंगी लड़ियां भी यही संदेश देती हैं कि मन का उजाला मद्धिम न पड़ने पाए। आज न जाने क्यों लोगों में संवेदनशीलता कम होती जा रही है और स्वार्थ हावी होता दिखता है। ऐसे माहौल में एक-दूसरे के करीब जाकर हालचाल पूछना और सुख-दुख बांटना ही दीपावली का असली मकसद है। दीये खुद जलकर दूसरों को रोशनी देते हैं। उनसे प्रेरणा लेकर हम भी क्यों न किसी का हितैषी बनकर मन के दीप जलाएं।

हेमा हरि उपाध्याय, ईमेल से

रेकमेंडेड खबरें