क्रेडिट कार्ड से निकाल लिए ढाई करोड़, विदेशी खातों में भेजी रकम

नवभारतटाइम्स.कॉम•
25 crore fraud from credit card cyber thugs sent money to foreign accounts police investigating
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

साइबर ठगों ने शख्स को जाल में फंसाकर उसके क्रेडिट कार्ड के जरिए 2 करोड़ 42 लाख 17 हजार 223 रुपये की चपत लगा दी। ठगी की रकम अंतरराष्ट्रीय ट्रांजेक्शन के माध्यम से अलग-अलग विदेशी मर्चेंट अकाउंट तक पहुंचाई गई। इतनी बड़ी रकम की धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद साइबर थाना पूर्व पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने किस तरीके से क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर इतनी बड़ी रकम ट्रांसफर की और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। दरअसल गोल्फ कोर्स रोड निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि अज्ञात लोगों ने उन्हें अपने झांसे में लेकर उनके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल किया। इसके बाद आरोपियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ट्रांजेक्शन करते हुए दो करोड़ 42 लाख 17 हजार 223 रुपये की रकम निकाल ली। जब उन्हें क्रेडिट कार्ड से इतनी बड़ी राशि के लेनदेन का पता चला तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साइबर सेल की तकनीकी टीमें उन पेमेंट गेटवे, आईपी एड्रेस और विदेशी मर्चेंट अकाउंट की जांच कर रही हैं, जिनके माध्यम से रकम ट्रांसफर की गई। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय ट्रांजेक्शन की कड़ियों को जोड़कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ठगी की रकम किन खातों और किन देशों तक पहुंची।
मामले में पुलिस बैंक अधिकारियों के साथ भी समन्वय कर रही है। इसका उद्देश्य संदिग्ध ट्रांजेक्शन की पहचान कर संबंधित खातों और लेनदेन की जानकारी हासिल करना है, ताकि नियमानुसार रकम को फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा सके। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि ठगी की रकम एक ही माध्यम से ट्रांसफर की गई या इसके लिए कई विदेशी मर्चेंट अकाउंट का इस्तेमाल हुआ। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल मामले में जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

रेकमेंडेड खबरें