खुद को बैंककर्मी बता बुज़ुर्ग से ठगे 11 लाख रुपये

नवभारतटाइम्स.कॉम•
bank employee impersonated scams elderly man of 11 lakhs deceived with life certificate excuse
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव : साइबर ठग अब बुजुर्गों को निशाना बनाने के लिए बैंक से जुड़ी जरूरी औपचारिकताओं का सहारा ले रहे हैं। शहर के सेक्टर-48 में रहने वाले एक बुजुर्ग को लाइफ सर्टिफिकेट (जीवन प्रमाण पत्र) अपडेट कराने का झांसा देकर ठग ने 11 लाख 34 हजार 556 रुपये की चपत लगा दी। साइबर थाना ईस्ट पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल सेक्टर-48 निवासी शख्स ने पुलिस को बताया कि उनके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। कॉलरने ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनके बैंक खाते से संबंधित कुछ औपचारिकताएं अधूरी हैं। इन्हें पूरा करने के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराना जरूरी है। आरोपी ने बुजुर्ग को भरोसा दिलाया कि यह प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से या मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से पूरी हो जाएगी। बैंक की प्रक्रिया बताकर आरोपी ने बुजुर्ग को अपनी बातों में उलझाए रखा। इस दौरान उसने जीवन प्रमाण पत्र अपडेट कराने के नाम पर उनसे जरूरी गोपनीय जानकारियां हासिल कर लीं। इसके बाद साइबर ठग ने उनके बैंक खाते को निशाना बनाते हुए अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 11 लाख 34 हजार 556 रुपये निकाल लिए। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने के मैसेज मिले तो ठगी का पता लगा।

रेकमेंडेड खबरें