Delhi Ki Diwali Brings Festive Colors To Connaught Place Drone Show And Maha Aarti Mesmerize
'दिल्ली की दिवाली' से कनॉट प्लेस जगमगाया, भजनों पर झूमे लोग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
दीपावली के उल्लास के बीच कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में दिवाली का उत्सव दिल्लीवालों को खूब भाया। दिल्ली पर्यटन के इस दो दिन के उत्सव में दूसरे दिन शनिवार को भी स्पेशल ड्रोन शो ने लोगों को रोमांचित किया, वहीं भजन क्लबिंग के साथ बड़ी संख्या में भक्त भक्ति में डूबे। इस कार्यक्रम में भजन क्लबिंग, आकर्षक ड्रोन शो और लक्ष्मी-गणेश की भव्य महाआरती खास आकर्षण रहे।
ड्रोन के जरिए आसमान में बनाई गई आकृतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। वहीं, लक्ष्मी और गणेश की महाआरती के दौरान उत्सव की भव्यता और बढ़ी। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। शुक्रवार को उत्सव में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा शामिल हुए।
दिल्ली पर्यटन की ओर से सोशल मीडिया पर तीन विशेष प्रतियोगिताओं भी रखी गईं। इनमें ‘RWA रंगोली’, ‘शूट एंड शाइन’ और ‘रील इट’ शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के साथ फोटोग्राफी के शौकीनों और कंटेंट क्रिएटर्स को अपनी क्रिएटिविटी दिखाने और कई कैश प्राइज जीतने का भी मौका मिला।