अवैध तरीके से बेच रहे थे पटाखे, 8 आरोपी पकड़े

नवभारतटाइम्स.कॉम•
major action on illegal firecracker sale in gurgaon 8 accused arrested large quantity of crackers seized
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

जिले में अवैध रूप से पटाखों की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। पुलिस ने नाथूपुर, IMT मानेसर, भांगरोला, हेलीमंडी, जाटौली और पटौदी में कार्रवाई की। सभी मामलों में आरोपियों के पास पटाखे बेचने का लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। पुलिस के अनुसार नाथूपुर के तोताराम चौक पर दुकान के सामने पटाखे बेच रहे जयनारायण को पकड़ा। पुलिस ने 6 किलो 140 ग्राम पटाखे बरामद किए। IMT मानेसर के गांव बांसहरिया में किराना दुकान के सामने स्टॉल लगाकर पटाखे बेच रहे राजीव कुमार को पकड़ा। 29 किलो 490 ग्राम पटाखे बरामद हुए। वहीं, खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के भांगरोला चौक के पास कवर सिंह को पटाखे बेचते हुए पकड़ा। उसके पास से करीब 19 किलो 400 ग्राम पटाखे मिले। पटौदी थाना एरिया के हेलीमंडी में खंडेवला मोड़ के पास सैनी रेडीमेड बैग-बूट हाउस के सामने पटाखे बेच रहे सुनील को पुलिस ने पकड़ा। करीब 8 किलो पटाखे बरामद हुए। गांव जाटौली में श्रीश्याम गिफ्ट गैलरी के बाहर स्टॉल लगाकर पटाखे बेच रहे मंजीत को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। जाटौली के खंडेवला मोड़ पर ही दुकान के सामने स्टॉल लगाकर पटाखे बेच रहे राकेश को पुलिस ने पकड़ा। उससे भी पटाखे बरामद हुए। पटौदी के नौहटा चौक पर सुहाग साड़ी शोरूम के पास हेमंत कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके पास से 36 किलो 100 ग्राम पटाखे बरामद किए।
दो दिन में 60 काबू: दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध गुड़गांव पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो दिनों में एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत 73 केस दर्ज कर 60 आरोपियों को किया काबू किया गया। इसमें गुरुवार को पुलिस ने 36 केस दर्ज कर 23 लोगों को काबू किया था, जबकि शुक्रवार को 37 लोगो को काबू कर 37 केस दर्ज किए।

रेकमेंडेड खबरें