Pollution Control In Faridabad Municipal Corporations Special Campaign Launched Strict Enforcement Of Rules Till November 20
प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम ने शुरू किया विशेष अभियान
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
शहर में बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण पर अंकुश लगाने और वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से नगर निगम ने विशेष अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सरकार द्वारा निर्धारित प्रदूषण नियंत्रण संबंधी ग्रैप नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।नगर निगम कमिश्नर यशेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए नगर निगम के सभी 46 वाॅर्डों में विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक वाॅर्ड में चार-चार निगम कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जो नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान कर उनके चालान करेंगे। शहर की सड़कों पर धूल और प्रदूषण को कम करने के लिए 18 मिकैनिकल स्वीपिंग मशीनों को सफाई कार्य में लगाया जाएगा। इसके अलावा 40 पानी के टैंकरों के माध्यम से सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव किया जाएगा। वहीं, 10 एंटी स्मॉग गन भी नगर निगम क्षेत्र में पानी का छिड़काव कर वायु प्रदूषण कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि भारत सरकार और हरियाणा सरकार द्वारा जारी प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत प्रतिबंधित गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। न्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 20 नवंबर तक जारी रहेगा और इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सभी नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।