Bullets In A Sock The Story Of Bravery Of Indias First Air Force Chief
जुराब में गोलियां
नवभारतटाइम्स.कॉम•
अगस्त 1940 की बात है, उत्तर-पश्चिम सीमांत प्रांत वजीरिस्तान (अब पाकिस्तान) की दावर घाटी में सेना की एक चौकी पर कबायली लड़ाकों ने हमला कर दिया। सैनिक लगातार मुकाबला कर रहे थे, लेकिन उनकी गोलियां लगभग खत्म हो चुकी थीं। तभी आसमान में दो हवाई जहाज दिखाई दिए। ये हॉकर हार्ट बमवर्षक विमान थे, जिन्हें भारतीय वायुसेना के नंबर-1 स्क्वॉड्रन के पायलट उड़ा रहे थे। उन्होंने नीचे हमला कर दुश्मनों को पीछे तो धकेल दिया, लेकिन एक बड़ी समस्या अब भी सामने थी। जमीन पर मौजूद सैनिकों के पास जवाबी हमले के लिए गोलियां नहीं बची थीं। ऐसे संकट में स्क्वॉड्रन कमांडर सुब्रतो मुखर्जी ने अपने साथ मौजूद एयर गनर से कहा कि वह अपनी जुराबें उतारे और विमान की मशीनगन की गोलियां उनमें भर दे। इसके बाद विमान को बेहद नीचे उड़ाते हुए गोलियों से भरी जुराबें सेना की चौकी पर गिरा दी गईं। सैनिकों को तुरंत गोला-बारूद मिल गया और वे एक और हमले को नाकाम करने में सफल रहे। यही वह पायलट थे, जो आगे चलकर स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय वायुसेना प्रमुख बने।