गोबर और व्यंग्य

नवभारतटाइम्स.कॉम•
cow dung satire and society the play of perspective
कॉलोनी में त्रिपाठीजी के घर के सामने औसत से बहुत छोटा-सा गोवर्धन बना था। मैंने पूछ लिया, 'गोबर कम पड़ गया क्या?' त्रिपाठीजी ने जवाब दिया, 'भाईसाब, गायें ही नहीं मिल रहीं...पता नहीं कहां चली गईं!' कहते-कहते वे तंज तक पहुंच गए, 'आप हर वक्त फिकरे ही कसते रहते हैं।' उनके चेहरे पर गुस्से के भाव उभरे तो मैंने बात बदलने के लिए कहा, 'चलिए, स्टेशन चाय पीकर आते हैं।' वह और भड़क गए। बोले, 'त्योहार के दिन मैं झगड़ा नहीं करना चाहता।' मैंने उनके आगे हाथ जोड़े और मन में दुआ की- गोबर कम ही रहे तो बेहतर है, हम छोटे गोवर्धन पर्वत से काम चला लेंगे।

कॉलोनी में टहलते-टहलते मैं सोचने लगा, एक ही बात किसी को चुभ जाती है और कोई उसी बात पर खिलखिला देता है। असल में लोग अपने-अपने नजरिये, सोच से इतने भरे हुए हैं कि हल्की-सी सुई चुभोने भर से फट जाते हैं। पहले ऐसा नहीं होता था। यह वाक्य सोचते ही मुझे उन लोगों का डर सताने लगा, जो चिल्लाते हुए टूट पड़ते हैं- फलां पार्टी की सरकार में भी तो ऐसा होता था। देखिए, मैंने किसी पार्टी का नाम नहीं लिखा, पर आप समझ तो गए ही होंगे। असल में व्यंग्य संदर्भों से अपनी धार हासिल करता है और संदर्भ पढ़ने वाले के मन में होते हैं। व्यंग्यकार बस उन तारों को छेड़ देता है, जिन्हें छेड़ने से लोग डरते हैं।
इस बार व्यंग्य लिखने के बजाय मैं व्यंग्य के शिल्प पर क्यों बात कर रहा हूं? दरअसल व्यंग्यकार का काम सिर्फ जुमले उछाल कर आगे बढ़ जाना ही नहीं। समाज में पसरी घृणा, असहिष्णुता कम हो सके, इसका प्रयास भी उसे करना चाहिए। एक वजह खुद को पिटने से बचाना भी है। दिवाली की शुभकामनाएं।

रेकमेंडेड खबरें