Obesity reducing Drugs To Boost Business Growing Market For Ozempic Wegovy And Their Indirect Benefits
मोटापा घटाने वाली दवाओं से बढ़ेंगे कारोबार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
दुनिया में हर आठ में से एक शख्स मोटापे से जूझ रहा है। इससे छुटकारा पाने के लिए जीएलपी-1 दवाओं का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। ओजेम्पिक और वेगोवी जैसी दवाएं अमीर देशों और भारत के संपन्न लोगों में भी लोकप्रिय हैं। अमेरिका में पिछले साल करीब एक करोड़ वयस्कों ने इनका इस्तेमाल किया। जेपी मॉर्गन के मुताबिक, 2030 तक संख्या तीन करोड़ पार कर सकती है। फाइजर का अनुमान है कि तब तक इन दवाओं का बाजार 150 अरब डॉलर का होगा। निवेशकों के लिए यह बड़ा अवसर है, जिसका असर दवा कंपनियों के अलावा दूसरे कारोबारों पर भी पड़ेगा।
कारोबार पर असर । जीएलपी-1 दवाओं का असर धीरे-धीरे खाने-पीने के कारोबार पर देखने को मिल रहा है। इनका इस्तेमाल करने वाले लोग कैलरी को लेकर सतर्क रहते हैं और चॉकलेट जैसी चीजों से परहेज करते हैं। इससे प्रोटीन, फाइबर और विटामिन से भरपूर स्नैक्स की मांग बढ़ रही है। अमेरिका का 74 अरब डॉलर का सप्लीमेंट बाजार भी तेजी से बढ़ रहा है। दूसरी ओर, बीयर की मांग घटने से पब कारोबार पर असर पड़ने के आसार हैं। हेनेकेन ने भी बीयर बिक्री में गिरावट की आशंका जताई है।दर्जियों की मांग । तेजी से वजन घटने का असर लोगों के कपड़ों पर भी पड़ता है। बार-बार नए कपड़े खरीदना महंगा होने के कारण लोग अब पुराने कपड़ों का अल्टरेशन करवा रहे हैं। इससे दर्जियों का काम बढ़ सकता है। हालांकि नए कपड़ों की मांग भी बढ़ सकती है, क्योंकि विशेषज्ञों के मुताबिक दवा बंद करने के बाद औसतन 60% वजन दोबारा बढ़ जाता है। ऐसे में उन्हें फिर नए कपड़ों की दरकार होगी।
मुनाफे का रास्ता । इससे भी ज्यादा मुनाफे की संभावना उन कारोबार में है, जो वजन घटने के बाद चेहरे पर पड़ने वाले असर को ठीक करते हैं। तेजी से वजन कम होने पर चेहरे की त्वचा ढीली पड़ सकती है। इसे आम तौर पर ‘ओजेम्पिक फेस’ कहा जा रहा है। कॉस्मेटिक कंपनियां इस समस्या से निपटने के लिए इंजेक्टेबल फिलर और कोलेजन ट्रीटमेंट जैसे उत्पाद बाजार में उतार रही हैं।
बढ़ेगा परफ्यूम उद्योग । मोटापारोधी दवाओं का असर परफ्यूम उद्योग पर भी पड़ सकता है। इस पर हुए शोध बताते हैं कि जब लोगों को खाने का पहले जितना आनंद नहीं मिलता, तो वे उससे जुड़ी खुशबुओं की ओर आकर्षित हो सकते हैं। इससे कोको, कॉफी केक और टॉफी एपल जैसी महक वाले परफ्यूम की मांग बढ़ सकती है। अर्थशास्त्र में इसे अप्रत्यक्ष फायदा कहा जाता है। निवेशकों के लिए अहम बात यह है कि मोटापा घटाने वाली दवाएं दवा कंपनियों के साथ कई दूसरे उद्योगों के लिए भी कमाई के नए रास्ते खोल रही हैं। - NBT