Poverty Reduced In India But Equal Opportunities And Income Growth Are The Next Challenges
समृद्धि के लिए समान अवसर चाहिए
नवभारतटाइम्स.कॉम•
भारत में साल 2011-12 से 2023-24 के बीच रोजाना 4.20 डॉलर यानी करीब 350 रुपये से कम कमाने वाले लोगों की तादाद 57.7% से घटकर 16.1% रह गई। इस दौरान करीब 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले। साथ ही, प्रतिदिन 3 डॉलर से कम कमाने वाले घोर गरीब भी 27.1% से घटकर 2.6% रह गए। विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की 'Poverty and Equity Brief' रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में यह गरीबी घटने की सबसे तेज रफ्तार में से एक है।
अगली चुनौती । रिपोर्ट के मुताबिक, 2017 से 2023 के बीच भारत में 13.4 करोड़ नए रोजगार पैदा हुए। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा महिलाएं कामकाज से जुड़ीं। हालांकि, ज्यादातर रोजगार ऐसे क्षेत्रों में हैं, जहां काम की उत्पादकता कम है। वास्तविक मजदूरी भी ज्यादा नहीं बढ़ी है। हर पांच में से चार भारतीय अब भी रोजाना 690 रुपये से कम पर गुजारा करते हैं। ऐसे में गरीबी घटाने के साथ आमदनी बढ़ाना अगली चुनौती है।आर्थिक असमानता । विश्व बैंक के अध्ययन में पाया गया कि आर्थिक विकास से गरीबों की आमदनी बढ़ती है। भारत में 2005 से 2012 के बीच गरीबी घटने का कारण मजदूरी बढ़ना और लोगों का गैर-कृषि कामों में जाना भी रहा। हालांकि अमीर-गरीब के बीच अंतर बढ़ा है, लेकिन इससे यह भी पता चला कि आर्थिक असमानता के बावजूद गरीबी घट सकती है। सिर्फ असमानता के आंकड़ों से विकास की तस्वीर नहीं समझी जा सकती।
टैक्स का रास्ता । अमीरों की संपत्ति पर टैक्स लगाने से कितनी कमाई होगी, यह भी बड़ा सवाल है। 2024 में फ्रांसीसी अर्थशास्त्री गैब्रिएल जुकमैन ने अरबपतियों की संपत्ति पर 2% टैक्स लगाने का प्रस्ताव दिया, जिससे 200 से 250 अरब डॉलर मिलने का अनुमान था। लेकिन, इसमें जरूरी है कि अमीर टैक्स से बचने के लिए अपनी संपत्ति छिपाने की कोशिश न करें। स्विट्जरलैंड के एक अध्ययन में भी पाया गया कि टैक्स दर घटने पर लोगों की घोषित संपत्ति 43% तक बढ़ गई।
आंकड़ों का अर्थ । अगर अरबपति ऐसा करते हैं, तो 2% टैक्स से जुकमैन के अनुमान से कम कमाई होगी। इसलिए इसे लागू करने से पहले लागत और फायदे जानना जरूरी है। साथ ही, असमानता के आंकड़े किसी एक समय में आमदनी का बंटवारा तो बताते हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि लोगों को आगे बढ़ने के मौके मिल रहे हैं या नहीं। कुछ परिवारों का पीढ़ियों तक अमीर बने रहना और नए लोगों का उनकी जगह लेना, दोनों अलग स्थितियां हैं।
टनल इफेक्ट । एएफ शोरॉक्स के अध्ययन में बताया गया है कि लोगों को आर्थिक रूप से आगे बढ़ने के मौके मिलने से असमानता घटती है। इसे टनल इफेक्ट से समझा जा सकता है। जैसे- ट्रैफिक जाम में दूसरी लेन की गाड़ियां चलने पर लोगों को अपनी लेन भी खुलने की उम्मीद बंधती है, वैसे ही दूसरों को आगे बढ़ते देखकर लोग इसलिए भी संतुष्ट होते हैं कि उन्हें भी तरक्की का मौका मिलेगा। इसलिए सवाल असमानता का नहीं, बल्कि आगे बढ़ने के अवसरों का है और इसमें भारत की स्थिति उत्साहजनक है।
कारोबार बढ़ा । महामारी के बाद भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ी है और IMF के मुताबिक, यह दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बनी रहेगी। अब कारोबार के मौके छोटे शहरों तक भी पहुंच रहे हैं। देश की 500 सबसे मूल्यवान निजी कंपनियां 50 शहरों में फैली हैं। उद्यम पोर्टल पर पंजीकृत कारोबार भी 2021-22 के 80 लाख से बढ़कर 2026 में 7.8 करोड़ हो गए।
भविष्य की राह । लोगों को आगे बढ़ने के मौके मिलने से आर्थिक विकास का सर्वाधिक फायदा गरीबों को होता है। इसके लिए जरूरी है कि सभी पर समान नियम लागू हों, समय पर भुगतान और नए कारोबार को आगे बढ़ने का मौका मिले। अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, आसान कर्ज और कारोबार के सरल नियम मददगार हो सकते हैं। सिर्फ अमीरों पर नया टैक्स लगाने के बजाय ऐसे अवसर बढ़ाने पर जोर देना चाहिए। गरीबी के आंकड़े भारत की उपलब्धि बताते हैं, जबकि बढ़ते अवसर उसके भविष्य की राह दिखाते हैं।
(नागेश्वरन देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार हैं और जैन अर्जव की निदेशक हैं)