Technologys Path Consciousnesss Direction Human Wisdom Will Decide The Future
तकनीक रास्ता तो बनाती है, पर दिशा चेतना ही दिखाएगी
Contributed by: सतीश (भूपेंद्र)|नवभारतटाइम्स.कॉम•
आज तकनीक ने मनुष्य के जीवन को अभूतपूर्व गति और सुविधा दी है। आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) से लेकर रोबॉटिक्स तक, ऐसा कुछ नहीं है जिसे तकनीक आसान या स्वचालित न बना सके। वह हमारे काम कर सकती है, फैसले लेने में मदद कर सकती है और सूचनाओं का विश्लेषण भी कर सकती है। लेकिन, एक बुनियादी सवाल अब भी हमारे सामने है कि अगर तकनीक सब कुछ कर सकती है तो मनुष्य के पास चुनने के लिए क्या बचता है? दरअसल, मनुष्य केवल काम करने वाला प्राणी नहीं, यह एक चेतनशील अस्तित्व है। उसमें अपने अस्तित्व का अर्थ समझने और सही-गलत के बीच अंतर करने की पूरी क्षमता है। तकनीक हमारी गतिविधियों को सुविधाजनक बना सकती है, लेकिन यह तय नहीं कर सकती कि हमें क्या करना चाहिए और क्यों करना चाहिए।
मनुष्य चाहे तो वह सत्य, करुणा और विवेक को अपने जीवन का आधार बनाए या नकारात्मकता, स्वार्थ और घृणा को हावी होने दे। इसी तरह तकनीक का इस्तेमाल केवल धन, संपत्ति और सत्ता जुटाने के लिए किया जाए या उससे समूचे समाज के कल्याण का रास्ता बनाया जाए, यह निर्णय भी मनुष्य को ही करना है। तकनीक की वास्तविक उपयोगिता इस बात से तय नहीं होगी कि वह कितनी शक्तिशाली है, बल्कि इससे होगी कि उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा है।एक और महत्वपूर्ण चुनाव जीवन जीने के तरीके का है। क्या हम आदतों, इच्छाओं और भौतिक उपलब्धियों के पीछे यंत्रवत दौड़ते रहेंगे या अपने कार्यों के परिणाम व उनके व्यापक अर्थ को समझते हुए जीवन जिएंगे? सच्ची खुशी केवल बाहरी उपलब्धियों और सुख-सुविधाओं से नहीं मिलती। उसके लिए भीतर शांति, संतोष और आत्मबोध भी जरूरी है।
तकनीक रास्ते आसान कर सकती है, लेकिन दिशा देने का काम चेतना करती है। निर्णय को विवेक, उपयोग को जिम्मेदारी और परिणाम को करुणा से जोड़ना मनुष्य का दायित्व है। इसलिए आज जरूरत केवल तकनीकी विकास की नहीं, मानवीय चेतना के विकास पर अधिक ध्यान देने की है। आखिरकार, तकनीक हमें सक्षम बनाती है, लेकिन हमारा विवेक ही तय करता है कि उस क्षमता का उपयोग किसके हित में होगा।