Main Accused In Diwali Night Murder Arrested In Encounter One Minor Also Apprehended
दिवाली की रात हुई थी हत्या, आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
दिवाली की रात सेक्टर-15 के पार्क में 25 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी से मंगलवार देर रात फेज-1 थाना पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आफताब सेक्टर-3 के पार्क में साथियों के साथ बैठकर भागने की योजना बना रहा था। सूचना पर उसे पकड़ने के लिए पुलिस पहुंची तो आरोपी ने मिट्टी के टीले की आड़ से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में फरार एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है। एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र ने बताया कि दिवाली की रात नया बांस गांव के पास पार्क में अमित और उसके दोस्तों का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। आरोपियों ने अमित के साथ मारपीट की, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में आफताब उर्फ तुस्सी नामजद आरोपी है। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है। मौके से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि अमित की हत्या के बाद वह इसी बाइक से मौके से फरार हुआ था।