Namo Bharat Train To Run On Aqua Metro Track Beyond Gaur Mall Wave Of Happiness In Greater Noida West
गौड़ मॉल से आगे एक्वा मेट्रो के ट्रैक पर नमो भारत भी दौड़ेगी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा
ग्रेनो वेस्ट तक मेट्रो आने का वर्षों से चल रहा इंतजार खत्म हो गया। इस परियोजना को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों ने खुशी जताते कहा कि उनके 12 साल का संघर्ष रंग लाया है। इस दौरान जगह-जगह मिठाई बांटी गई। लोगों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अब सभी विभागों को समन्वय बनाकर इस प्रॉजेक्ट पर तेजी से काम करना चाहिए ताकि वे जल्दी इस नई मेट्रो से सफर कर सकें। घर खरीदारों की संस्था नेफाेमा ने भी मेट्रो मंजूरी की खुशी में मिठाई बांटकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। एक्वा मेट्रो के ट्रैक पर नमो भारत भी दौड़ेगी!
बताया जा रहा है कि ग्रेनो वेस्ट में सेक्टर-4 के आगे का जो कॉरिडोर बनेगा, उसमें मेट्रो के साथ-साथ नमो भारत (रैपिड रेल) ट्रेन भी दौड़ेगी। नमो भारत गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर एक्वा लाइन मेट्रो के ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-4 वाले स्टेशन से होकर निकलेगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-4 तक मेट्रो को मंजूरी दी है। इसके आगे नमो भारत ट्रेन का कॉरिडोर बनेगा। 72.44 किमी लंबे नमो भारत गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर का काम अब डीपीआर के चरण में पहुंच गया है। यह रूट गाजियाबाद से शुरू होगा। यह नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी से होते हुए जेवर में नोएडा एयरपोर्ट पर समाप्त होगा। इस कारिडोर में 12 स्टेशन और रूट के उत्तरी व दक्षिणी छोर पर दो डिपो होंगे। नमो भारत ट्रेन का जो कॉरिडोर बनेगा, उसमें मेट्रो भी दौड़ सकेगी।