Chhath Mahaparv Cm Yogis Strict Instructions Ensure Robust Security And Cleanliness Arrangements At Ghats
छठ घाटों पर सुरक्षा-स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम हों : योगी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ ने छठ महापर्व को लेकर सभी जिलों को सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लाखों व्रती और श्रद्धालु पर्व में शामिल होंगे, इसलिए तैयारियों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा करते हुए सीएम ने कहा कि 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को और 16 नवंबर को उदयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर, लखनऊ, गाजियाबाद, कानपुर समेत विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पर्व मनाएंगे। ऐसे में सभी जिलाधिकारी और संबंधित विभाग अभी से तैयारियां पूरी कर लें। प्रमुख घाटों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, गोताखोर, नाव और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाने और लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने के निर्देश भी दिए।उन्होंने घाटों और संपर्क मार्गों की साफ-सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने को कहा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने पुलिस और प्रशासन को भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था के लिए संयुक्त कार्ययोजना बनाने को कहा।
योगी ने परिवहन निगम को दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने को कहा, ताकि लोग त्योहार पर आसानी से घर पहुंच सकें। साथ ही यात्रियों से निर्धारित किराये से अधिक वसूली न होने की हिदायत दी। सीएम ने घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान, निर्बाध बिजली आपूर्ति, प्राथमिक चिकित्सा शिविर, ऐंबुलेंस और आपात सेवाएं सक्रिय रखने के निर्देश देते हुए कहा कि छठ पर्व के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और जनसुविधाओं से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।