हटाए जाएंगे निष्क्रिय जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष: आरपी गौतम

Contributed by: ankur.tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम•
major reshuffle in up congress inactive district and city presidents to be removed mission 2027 preparations intensified
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने साफ कहा है कि संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला और शहर अध्यक्ष बने रहेंगे, लेकिन निष्क्रिय और काम नहीं करने वाले अध्यक्षों को हटाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित कार्यशाला में मिशन-2027 का आगाज किया गया। इसमें प्रदेशभर के जिला और शहर अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों और विभागों के प्रमुखों को चुनाव की तैयारी में जुटने के निर्देश दिए गए। राजेंद्र पाल गौतम ने अगले 15 दिनों में हर बूथ पर चार सदस्यीय कमिटी बनाने और एसआईआर की ड्राफ्ट मतदाता सूची के आधार पर नामों का सत्यापन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी से प्रदेश सरकार के बजट और खर्च को लेकर चार्जशीट तैयार करने को भी कहा, जिसे सोशल मीडिया के जरिए जनता तक पहुंचाया जाएगा। आराधना ने संगठन को चार मोर्चों पर सक्रिय करने की बात कही। इनमें मीडिया, सोशल मीडिया, वार रूम और विधि विभाग शामिल हैं। कार्यशाला में सांसद पवन खेड़ा ने रोजगार, महिला सुरक्षा और अत्याचार जैसे मुद्दों को चुनावी बहस के केंद्र में रखने की बात कही। वहीं, मीडिया प्रभारी अभय दुबे, विधि विभाग, सोशल मीडिया और वार रूम की टीम ने डिजिटल प्रेजेंटेशन के जरिए पदाधिकारियों को चुनावी कामकाज की जानकारी दी। कार्यशाला में सांसद इमरान मसूद, तनुज पुनिया, विधायक वीरेंद्र चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

रेकमेंडेड खबरें