nNBT रिपोर्ट, मुंबई: दो दिनों की तेजी के बाद सोमवार को मुख्य शेयर बाजार सूचकांक भारी गिरावट के साथ बंद हुए। प्राइवेट बैंकों (एचडीएफसी और एक्सिस बैंक) में बिकवाली और विदेशी बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के कारण सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट आई। सेंसेक्स 876.37 अंक (1.17%) गिरकर 73,852.90 के स्तर पर बंद हुआ।वहीं Nifty 257.20 अंक (1.11%) फिसलकर 22,888.95 पर बंद हुआ। दशहरा के मौके पर मंगलवार को शेयर बाजार बंद रहेंगे।
सेंसेक्स में एक्सिस बैंक के शेयर में 3.85 प्रतिशत की गिरावट आई। एचडीएफसी बैंक के शेयर 2 प्रतिशत से ज्यादा टूट गए। वहीं, अल्ट्राटेक सीमेंट, इन्फोसिस, बजाज फाइनैंस, ट्रेंट, NTPC भी सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में शामिल रहे।कच्चा तेल गिरा : कच्चे तेल का अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1.07 प्रतिशत गिरकर 108.7 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। दूसरी तरफ, लगातार बिकवाली के बाद विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने शुक्रवार को खरीदारी की। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, उन्होंने 1,165.92 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।