60,000

नवभारतटाइम्स.कॉम•
binance hit by 60000 crore crypto theft biggest hacking to date panic among investors
n एपी, लॉस ऐंजिलिस

दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो करंसी एक्सचेंज बाइनेंस (Binance) को हैकरों ने निशाना बनाया है और उससे 6.36 अरब डॉलर यानी करीब 60 हजार करोड़ रुपये की क्रिप्टो करंसी चुरा ली है। इसे अब तक की सबसे बड़ी क्रिप्टो चोरी बताया जा रहा है। इसके बाद कंपनी ने निकासी पर रोक लगा दी यानी सुरक्षा जांच पूरी होने तक बाइनेंस के अकाउंट में न तो क्रिप्टो जमा किए जा सकते हैं, न ही बाहर निकाले जा सकते हैं। बाइनेंस ने ग्राहकों को नुकसान की 100% भरपाई का भरोसा दिया है। इस खबर ने क्रिप्टो बाजारों को हिलाकर रख दिया। बिटकॉइन जैसी कुछ क्रिप्टो करंसी में 5% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। साथ ही, दुनियाभर में निवेशकों में डर का माहौल बन गया। हाल के वर्षों में करोड़ों लोगों ने क्रिप्टो करंसी में निवेश किया है। एक अनुमान के मुताबिक, इनमें 10 करोड़ से ज्यादा भारतीय हैं।
क्रिप्टो एक तरह का डिजिटल पैसा है, जिसे ऑनलाइन खरीदा-बेचा जा सकता है। इसे कोई सरकार या बैंक जारी नहीं करता, बल्कि यह ब्लॉकचेन तकनीक से चलता है। बाइनेंस दुनिया का सबसे बड़ा क्रिप्टो करंसी एक्सचेंज है। यहां लोग बिटकॉइन जैसी डिजिटल करंसी खरीदते और बेचते हैं। बाइनेंस का दावा है कि कुल क्रिप्टो बाजार में उसकी हिस्सेदारी करीब 35% है।

हमला कितना बड़ा है?

इस साइबर सेंध में 6.3 अरब डॉलर की क्रिप्टो करंसी चोरी हुई है। इसे अब तक की सबसे बड़ी क्रिप्टो चोरी माना जा रहा है। इससे पहले 2025 में दुबई स्थित बायबिट एक्सचेंज से 1.5 अरब डॉलर की क्रिप्टो करंसी चोरी हुई थी। यानी, बाइनेंस में हुई चोरी बायबिट से चार गुना बड़ी है।

हैकिंग कैसे हुई?

बाइनेंस की शुरुआती जांच में एक कर्मचारी का लैपटॉप हैक होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, आगे की जांच में सेंधमारी के कई और रास्ते सामने आए। कंपनी ने कहा कि यह किसी एक लैपटॉप या कर्मचारी की अनुमति का इस्तेमाल कर किया गया साधारण नहीं, जटिल हमला था।

हमले के पीछे कौन है?

अभी तक पहचान नहीं हुई है। हालांकि ब्लॉकचेन रिसर्च फर्म TRM लैब्स के मुताबिक, इस हैकिंग के पीछे नॉर्थ कोरिया के हैकर समूह ट्रेडरट्रेटर (TraderTraitor) पर शक है। कंपनी पुलिस और जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है।

क्या भारतीयों पर भी असर?

बाइनेंस के 100 से ज्यादा देशों में 30 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर्स हैं। इनमें 2 से 2.5 करोड़ भारतीय यूजर्स होने का अनुमान है। हालांकि, कितने यूजर्स के अकाउंट्स पर सेंध का असर पड़ा है, इसका सटीक आंकड़ा अभी जारी नहीं हुआ है।

कंपनी ने क्या भरोसा दिया?

बाइनेंस ने भरोसा दिया कि यूजर्स का पैसा सुरक्षित है और चोरी से हुए नुकसान की भरपाई वह खुद करेगी। बाइनेंस ने चोरी की रकम में से करीब 3 अरब डॉलर यानी 29 हजार करोड़ के असेट फ्रीज करा दिए हैं। भरपाई के लिए 6.3 अरब डॉलर अलग रख लिए हैं।

हैकर क्रिप्टो को करंसी में कैसे बदलेंगे?

चोरी के क्रिप्टो के जिस हिस्से को हैकर फ्रीज होने से पहले ही ट्रांसफर करने में कामयाब हो गए, उसी को वे असल पैसे में बदल सकते हैं। मसलन वे 'टॉरनेडो कैश' जैसी मिक्सिंग सर्विस का इस्तेमाल कर चोरी के क्रिप्टो लाखों वैध फंड्स के साथ मिक्स कर सकते हैं। 'यूनिस्वैप' जैसे DEX प्लेटफॉर्म्स पर बिना पहचान (KYC) दिए क्रिप्टो को आसानी से किसी अन्य टोकन में बदल सकते हैं। फिर डार्क वेब या P2P नेटवर्क पर 'कैश-इन-हैंड' खरीदारों को क्रिप्टो बेचकर सीधे कैश या अन्य माध्यमों से पैसा ले सकते हैं।

रेकमेंडेड खबरें