Dont Just Focus On Ac Room Jobs Increase Manufacturing Cii
AC रूम वाली नौकरी पर ही जोर न दें
नवभारतटाइम्स.कॉम•
तमाम देशों से किए जा रहे फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स से देश में मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने में मदद मिलेगी। अखिलेश प्रताप सिंह को दिए विशेष साक्षात्कार में यह बात कही कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) की इंटरनैशनल काउंसिल के को-चेयरमैन नारायण सेतुरामन ने। प्रस्तुत हैं बातचीत के मुख्य अंश :
n एक के बाद एक FTA हो रहे हैं। क्या अहमियत है इनकी?हमारी इकॉनमी की 7.8% की ताजा ग्रोथ बहुत अच्छी है। लेकिन बड़ी आबादी और विकसित भारत जैसे महत्वाकांक्षी लक्ष्यों को देखते हुए ज्यादा तेजी से बढ़ने की जरूरत है, जिससे रोजगार के ज्यादा मौके बनें। मैन्युफैक्चरिंग का हिस्सा अभी GDP के 13-14% पर है। इसे 25% तक ले जाना होगा। ऐसा करने का केवल एक तरीका है कि देश में ग्रोथ के साथ उत्पादों का निर्यात बढ़े। इस लिहाज से FTA अहम हैं।
n क्या मौजूदा वैश्विक माहौल में FTA का लाभ मिल पाएगा?
आज के जियोपॉलिटिकल माहौल में भारत के पास कई अवसर हैं। इसके लिए MSME को सपोर्ट देना होगा, जिनकी हमारे निर्यात में अधिकांश हिस्सेदारी है। यहां पर CII जैसी इंडस्ट्री असोसिएशन और सरकार का रोल अहम हो जाता है। दूसरा यह कि इंडियन मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां अगले कुछ वर्षों में कम से कम 20% ग्रोथ का लक्ष्य बनाकर चलें। मेरा कैलकुलेशन यह है कि भारत में अपना मार्केट शेयर बनाए रखें तो 7-8% ग्रोथ मिल जाएगी। बाकी ग्रोथ देश के बाहर से मिलेगी। इस तरह मैं मेक इन इंडिया को 'मेक इन इंडिया फॉर इंडिया एंड फॉर द वर्ल्ड' कहता हूं। इतने सारे FTA से तमाम बाजार खुल गए हैं, जिसका लाभ इंडस्ट्री को मिलेगा।
n सरकार से कैसा सपोर्ट चाहती है इंडस्ट्री?
सबसे अहम है ईज ऑफ डूइंग बिजनेस। केंद्र ने कई पुराने कानूनों को वापस लिया है, लेकिन अब भी काफी कुछ किया जाना है। केंद्र के साथ राज्यों को भी कदम उठाने होंगे। अप्रूवल तेजी से मिलें। डिजिटाइजेशन बढ़े। दूसरा, जिन देशों में हमारी इंडस्ट्री को नॉन-टैरिफ बैरियर का सामना करना पड़ रहा है, वहां की सरकारों के साथ काम करके उन बैरियर को हटाना होगा। तीसरा, कई सेक्टरों में इंडस्ट्री को कुछ देशों की नॉन-मार्केट प्राइसिंग और डंपिंग का सामना करना पड़ रहा है। इंडस्ट्री की रक्षा के लिए ज्यादा तेज कदमों की जरूरत है। चौथा, PLI स्कीम इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल फोन वगैरह में सफल रही है, लेकिन ऑटो कंपोनेंट्स जैसे कुछ सेक्टरों में उतनी कामयाब नहीं रही। सरकार को इंडस्ट्री से बात करके देखना चाहिए कि स्कीम में किन बदलावों की जरूरत है। स्कीम का दायरा भी बढ़ाना होगा, जिससे जिन उत्पादों में भारत के पास वैश्विक अवसर हैं, उनको सपोर्ट दिया जा सके।
n प्राइवेट सेक्टर से निवेश उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ रहा, ऐसा सरकार कहती रही है। आपका क्या कहना है?
यह दरअसल टाइमिंग इश्यू है। इस पर CII ने रिपोर्ट दी है। इसमें कहा गया कि पिछले 6-8 महीनों में निजी क्षेत्र ने पूंजीगत निवेश बढ़ाना शुरू कर दिया है। इनवेस्टमेंट नहीं बढ़ने की बात एक-दो साल पहले की है। यहां सरकार को भी श्रेय देना होगा कि सरकारी पूंजीगत खर्च लगातार अच्छा बना रहा। स्थापित उत्पादन क्षमता का उपयोग बढ़ने पर निवेश भी बढ़ेगा। अब 7.8% GDP ग्रोथ है तो निश्चित रूप से डिमांड भी बढ़ रही है।
n अगले आम बजट से इंडस्ट्री क्या चाहती है?
इंडस्ट्री को ज्यादा रियायतों के बजाय आसान लाइफ चाहिए। जहां तक बजट घोषणाओं की बात है, तो मैं इसे दूसरे तरीके से देखता हूं। पिछले दो वर्षों के बजट में सरकार ने कई अच्छी योजनाओं की घोषणा की। मैं यह देखना चाहता हूं कि अगर किसी भी स्कीम का वैसा उपयोग नहीं हुआ है, जैसा सरकार चाहती थी, तो इस साल सरकार देखे कि ऐसा क्यों हुआ। क्या योजना के पैमानों में बदलाव की जरूरत है? ऐसा न हो कि वित्त वर्ष खत्म हो गया तो साथ में वह स्कीम भी खत्म हो गई। मकसद पूरा नहीं हुआ तो अगले वित्त वर्ष में भी उसे जारी रखें।
n जॉब्स के मोर्चे पर चिंता है। ग्रैजुएट्स में बेरोजगारी ज्यादा है। इंडस्ट्री इसे किस तरह देख रही है?
शहरी युवाओं में बेरोजगारी चिंता की बात है। करीब 9.9% बेरोजगारी है। युवाओं की बड़ी संख्या को देखते हुए यह काफी बड़ा नंबर है। इसके 2-3 पहलू हैं। एक यह कि युवाओं को इकॉनमी में उपलब्ध जॉब्स के बारे में ओपन माइंडेड होना पड़ेगा। केवल AC रूम्स वाली नाइस जॉब्स पर फोकस न करें। हमेशा ऐसी नौकरी शायद न मिलें। दूसरी बात यह है कि हमें कुछ स्पेशलिस्ट जॉब्स की अहमियत भी हाईलाइट करनी होगी, जैसे सर्टिफाइड गैस प्लंबर, वेल्डिंग टेक्नीशियंस आदि। इनकी बहुत कमी है। इंडस्ट्री में आज भी कई जॉब्स हैं, जिनमें सही मैनपावर नहीं मिल पा रहा। ऐसा नहीं है कि हर जगह डिमांड से ज्यादा सप्लाई है। स्किल और उपलब्ध जॉब्स की मैचिंग होना बहुत अहम है। तीसरी बात यह है कि AI से असर पड़ रहा है, इसलिए अपस्किलिंग और रीस्किलिंग जरूरी है।