गोल्ड लोन की चमक फीकी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
gold loan market in crisis rising number of defaulters nbfcs concerned
गोल्ड लोन का बाजार कभी अपनी दमक से लोगों को हैरान कर रहा था। आज शिकायत है कि यह आदतन कर्जदारों के जाल में फंस रहा है। कुछ साल पहले जब बैंक के जरिये लोन हासिल करना मुश्किल होने लगा तो नॉन बैंकिंग फाइनैंस कंपनियों (NBFC) ने धड़ाधड़ गोल्ड लोन देना शुरू कर दिया। वे बेफिक्र थीं, क्योंकि कर्जदार सिक्योरिटी के तौर पर गोल्ड जमा करा रहे थे। इससे डूबे कर्ज की वसूली आसान हो जाती है। हाल के समय में सोने की कीमतों में असामान्य बढ़ोतरी से इसे सपोर्ट मिला। अगर होम लोन को छोड़ दिया जाए तो रिटेल लोन सेक्टर में गोल्ड लोन सबसे तेजी से बढ़ा। बाकी खुदरा लोन के मुकाबले इसकी रफ्तार लगभग दोगुनी देखी गई। इससे आकर्षित होकर बाजार में नई NBFCs आ गईं। सभी मिलकर कर्जदारों को अपने मौजूदा गहनों पर अधिक टॉप-अप लोन की सुविधा भी देने लगीं, क्योंकि गोल्ड के दाम बढ़ रहे थे।

एक तर्क यह है कि गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहकों का आधार बड़ा होना अच्छा भी है। नए ग्रामीण व शहरी क्षेत्र प्रमुख बाजारों के रूप में उभर रहे हैं। एक स्तर पर देखा जाए तो सोना तिजोरी में बेकार पड़े रहने के बजाय लोन लेने के लिए सुरक्षा के रूप में इस्तेमाल हो रहा है। इससे उन लोगों को क्रेडिट बाजार में आसानी से प्रवेश मिल रहा है, जो आम बैंकिंग सिस्टम से बाहर थे। लेकिन पिछले कुछ महीनों में गोल्ड के दाम घटने के बीच इस सेक्टर में अब तनाव के संकेत दिखने लगे हैं। लोन चुकाने में देरी के मामले सामने आ रहे हैं। इस पर कुछ NBFC ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि पिछले एक साल में दिए गए कुल गोल्ड लोन का एक बड़ा हिस्सा ऐसे ग्राहकों के पास गया, जिनका कम से कम एक मौजूदा लोन 90 दिनों से अधिक समय से बकाया था। यह भी देखा गया कि पुराना लोन चुकाने के लिए दूसरा नया लोन ले लेते हैं, जिससे कर्ज कम हुए बिना सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर हो जाता है।
कर्ज चुकाने में देरी की वजह भी अलग-अलग बताई जा रही है। इंडस्ट्री का कहना है कि बहुत कम अवधि वाले लोन ज्यादा बड़ी समस्या बने। अक्सर छोटे कारोबारी और खुद का काम करने वाले लोग अपनी अनियमित कमाई के कारण समय पर भुगतान नहीं कर पाते हैं। जिन लोगों ने लोन के अंत में एक साथ पूरा पैसा चुकाने का प्लान चुना होता है, वे भी आखिर में बड़ी रकम का इंतजाम एक साथ नहीं कर पाते हैं। अब बैंक और NBFC लोन देने के नियमों को और कड़ा कर सकते हैं।

रेकमेंडेड खबरें