परिंदों में भी ‘जेट लैग’

नवभारतटाइम्स.कॉम•
jet lag in birds too birds get disoriented after long flights
दिलीप लाल

लंबी हवाई यात्रा के बाद इंसान का शरीर कुछ समय के लिए समय के फेर में उलझ जाता है, क्योंकि वह एक टाइम जोन से दूसरे में पहुंचता है। इससे नींद और शरीर की सामान्य दिनचर्या प्रभावित होती है। इसे जेट लैग कहते हैं। हैरानी की बात यह है कि समुद्र के ऊपर हजारों किलोमीटर उड़ने वाले पक्षी भी इस परेशानी से अछूते नहीं। उनकी जैविक घड़ी का तालमेल बिगड़ जाता है और वे अपनी मंजिल से सैकड़ों किलोमीटर दूर भटक जाते हैं। ब्रिटेन के पश्चिमी तट पर रहने वाले समुद्री पक्षियों के 20 वर्षों के जीपीएस आंकड़ों का अध्ययन करने पर पता चला कि अटलांटिक महासागर में भोजन की तलाश के बाद जब ये पक्षी तेजी से पूर्व दिशा में अपनी कॉलोनियों की ओर लौटते हैं, तो उनकी आंतरिक जैविक घड़ी स्थानीय समय से करीब एक घंटे पीछे रह जाती है। इससे उनकी दिशा पहचानने की क्षमता प्रभावित होती है। इन पक्षियों के लिए सूरज किसी कम्पास की तरह काम करता है। लेकिन, समय का तालमेल बिगड़ते ही सूरज की स्थिति का उनका अनुमान गलत हो जाता है। कहने के लिए करीब 1,000 किमी की यात्रा में केवल पांच किमी का अतिरिक्त फासला ही जुड़ता है, लेकिन पहली बार प्रवास करने वाले अनुभवहीन पक्षियों के लिए यह गलती सैकड़ों किमी की भटकन का कारण बन सकती है।

रेकमेंडेड खबरें