बीच का रास्ता

नवभारतटाइम्स.कॉम•
middle path seeking balance between protests and business
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों के विरोध में I.N.D.I.A. ब्लॉक के दलों ने रविवार को दिल्ली मार्च का ऐलान किया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने समाज के हर वर्ग से इसमें शामिल होने की अपील की है। विपक्ष के लिए यह मौका सरकार पर दबाव बनाने के साथ अपनी एकता दिखाने का भी है।

शाह-सोनिया से मांग । पिछले विरोध-प्रदर्शनों के दौरान असहमति व्यक्त करने के अधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर अहम सवाल उठे थे। इस बार एक पहलू और है, व्यापारियों की परेशानी। दिल्ली के उद्योग संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से मेगा रैली को टालने की अपील की है। संगठन का कहना है कि रैली की वजह से व्यापार ठप हुआ तो फेस्टिवल सीजन में 10 से 12 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होगा। वहीं, चैंबर ऑफ इंडियन माइक्रो, स्मॉल एंड मीडियम इंटरप्राइजेज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मांग की है कि राजधानी के प्रमुख वाणिज्यिक केंद्रों को विरोध-प्रदर्शनों के असर से बचाने के लिए कदम उठाए जाएं।
नुकसान का डर । हालांकि कोई भी संगठन प्रोटेस्ट या रैली के खिलाफ नहीं है, उनकी चिंता जुड़ी है व्यापार से। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जब बैरिकेडिंग की जाती है, मेट्रो-रेल को बंद किया जाता है, तो उससे आम जनजीवन भी प्रभावित होता है, जो सीधे जुड़ा है बाजार की गतिविधि से। पिछली बार इसी महीने जब दिल्ली में प्रदर्शन हुए थे, तो प्रसिद्ध खान मार्केट के व्यापारियों ने बताया था कि उनका केवल 10 से 20% ही बिजनेस हुआ। चूंकि इस बार फेस्टिवल सीजन है, तो नुकसान की आशंका भी बड़ी है।

जवाबदेही के लिए जरूरी । अब सवाल है कि इसका रास्ता क्या है? विरोध-प्रदर्शन लोकतंत्र की आत्मा की तरह हैं। ये सरकार को जनता के बीच जवाबदेह ठहराते हैं। तमाम बार इन्हीं प्रदर्शनों के बीच से बदलाव की बुनियाद तैयार हुई है। जरूरत है ऐसे संतुलन की, जहां विरोध की आजादी और आजीविका का अधिकार न टकराएं।

साझा जिम्मेदारी । इसका रास्ता है बेहतर इंतजाम और जिम्मेदारी। यातायात के वैकल्पिक रास्तों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी पहले से होनी चाहिए। पिछली बार से सबक लेते हुए प्रशासन सुनिश्चित करे कि आम लोगों की आवाजाही कम से कम प्रभावित हो। इसमें आयोजकों को भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

रेकमेंडेड खबरें