Pet Candidates Stranded In Rain Get Relief From Special Trains And Extra Buses
बारिश से परेशानी, स्पेशल ट्रेनों से राहत-रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भीड़
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ
PET 2026 में शामिल होने आए अभ्यर्थियों को जहां बारिश ने परेशान किया, वहीं स्पेशल ट्रेनों ने राहत दी। स्टेशन तक पहुंचने में अभ्यर्थियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण भीषण जाम की वजह से कई अभ्यर्थी समय से रेलवे स्टेशन नहीं पहुंच पाए। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भीग भी गए। जिसके कारण सफर में उनको मुश्किलें उठानी पड़ीं।सबसे ज्यादा भीड़ चारबाग रेलवे स्टेशन पर उमड़ी। अभ्यर्थियों की आने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कड़े इंतजाम किये थे। वहीं जीआरपी और आरपीएफ भी मुस्तैद रहीं। नियमित ट्रेनों के आरक्षित कोच में अभ्यर्थी घुस नहीं पाएं, इसके लिए सभी आरपीएफ व जीआरपी हर कोच के गेट पर खड़ी रही। यही इंतजाम ऐशबाग और बादशाहनगर रेलवे स्टेशन पर भी रहे। हालांकि कई ट्रेनों के आरक्षित कोच में अभ्यर्थी दूसरे स्टेशनों पर जाकर घुस गए। जिसकी शिकायतें यात्री करते रहे।
वहीं, परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज प्रशासन अतिरिक्त बसों का इंतजाम कर रखा था। परीक्षार्थियों को परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नोडल अफसर बनाया गया है। आलमबाग, कैसरबाग व अवध बस स्टेशन से अतिरिक्त बसें 24 घंटे उपलब्ध रहीं। सेवाओं में एसी जनरथ बसें भी शामिल हैं।